Karwa Chauth 2021: करवाचौथ की तैयारी में जुटीं सुहागिन महिलाएं, नवविवाहिताओं के लिए है खास

Karwa Chauth 2021 अखंड सौभाग्य का पर्व करवाचौथ रविवार को है। सुहागिन महिलाएं उत्साह से इसकी तैयारियों में जुटी हैं। दूसरी तरफ बाजार भी पर्व के सामानों से सज गए हैं। चांदनी चौक कनाट प्लेस खान मार्केट सदर बाजार व करोलबाग जैसे बाजार करवाचौथ के सामान से सज गए हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 11:34 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 11:34 AM (IST)
Karwa Chauth 2021: करवाचौथ की तैयारी में जुटीं सुहागिन महिलाएं, नवविवाहिताओं के लिए है खास
करवाचौथ के लिए पूर्व कनाट प्लेस में चूड़ियों की खरीदारी करतीं महिलाएं: ध्रुव कुमार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अखंड सौभाग्य का पर्व करवाचौथ रविवार को है। सुहागिन महिलाएं उत्साह से इसकी तैयारियों में जुटी हैं। दूसरी तरफ बाजार भी पर्व के सामानों से सज गए हैं। चांदनी चौक, कनाट प्लेस, खान मार्केट, सदर बाजार व करोलबाग जैसे बाजार करवाचौथ के सामान से सज गए हैं। पूजन सामग्री, ज्वेलरी, साड़ी, श्रृंगार का सामान और उपहारों की बिक्री बढ़ गई है। करवा चौथ में पूजन के लिए खास माने जाने वाले मिट्टी के करवे बाजार में खूब बिक रहे हैं। बिक्री बढ़ने से कारोबारी भी खुश हैं। ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष छुट दे रहे हैं। इसके साथ ही महिलाएं आनलाइन खरीदारी भी कर रही हैं।

चांदनी चौक में खरीदारी करने आईं सौम्या ने कहा कि बाजारों में लगातार भीड़ बढ़ रही है। इसलिए वह जल्द खरीदारी कर संतुष्ट हो गई हैं। यह पर्व महिलाओं के लिए बहुत खास होता है। इसमें महिलाएं पति की लंबी आयु के लिए निर्जला व्रत रखती हैं। शाम को छलनी में चांद और पति का चेहरा देखकर व्रत खोलती हैं।

पार्लर और मेहंदी वालों की एडवांस में हो रही है बुकिंग

करवाचौथ पर महिलाएं सजने के लिए पार्लर जाती हैं। जिससे ब्यूटी पार्लरों में भीड़ बढ़ जाती है। यही हाल मेहंदी वालों के यहां भी होती है। इस बार कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए महिलाओं ने पहले ही पार्लर की एडवांस बुकिंग कर ली है। पहाड़गंज निवासी अभिलाषा शुक्ला ने बताया कि कोरोना को देखते हुए घर पर ही पार्लर वालों को बुला लिया है। स्थानीय सोनिया ने बताया कि उस दिन पार्लर के लिए भटकना न पड़े इस वजह से बुकिंग कर ली है। माधवी तिवारी ने बताया कि पार्लर तो जाएंगी, लेकिन मेहंदी पिया से ही लगवाएंगी।

करोलबाग की सुनीता पार्लर की संचालिका नेहा ने बताया कि कोरोना व लाकडाउन के चलते उनका काम कई माह तक प्रभावित रहा था। अभी भी महिलाएं पार्लर आने से बच रही हैं, लेकिन करवाचौथ को लेकर अचानक इतनी बुकिंग आने लगी है कि अब मना करना पड़ रहा है। करवाचौथ पर साड़ियों की मांग विशेष रहती है। चांदनी चौक के कपड़ा दुकानदार संदीप ने बताया कि बनारसी साड़ी की मांग अधिक है।

नवविवाहिताओं के लिए है खास

नवविवाहिताओं के लिए करवाचौथ खास है। वैसे भी कोरोना के चलते शादियां टल रही थीं। लेकिन जो वैवाहिक बंधन में बंध गए हैं, उनके लिए करवाचौथ का उत्साह दोगुना हो गया है। बुराड़ी निवासी पूजा बधानी की शादी हाल ही में हुई है। उन्होंने करवाचौथ की सारी तैयारी कर ली है। वह बताती हैं कि वह अपने पहले करवाचौथ के लिए उत्साहित हैं। वह इसे खास तरीके से मनाने की तैयारी कर रही हैं। व्रत के बाद बाहर खाने-पीने और घूमने की उनकी योजना है।

chat bot
आपका साथी