Delhi MCD By Election Result 2021: जुबेर की धमाकेदार जीत देगी कांग्रेस को नया जीवन

Delhi MCD By Election Result 2021 मई 2019 के लोकसभा और फरवरी 2020 के विधानसभा में कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई थी। विधानसभा चुनाव में तो पार्टी का वोट फीसद भी चार पर सिमट गया था। हालांकि इस उपचुनाव में पार्टी को ओवर आल 22 फीसद वोट मिले हैं।

By JP YadavEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 09:03 AM (IST) Updated:Thu, 04 Mar 2021 09:03 AM (IST)
Delhi MCD By Election Result 2021: जुबेर की धमाकेदार जीत देगी कांग्रेस को नया जीवन
कांग्रेस को ओवर ऑल केवल 10.79 फीसद वोट ही मिले हैं।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]।  पांच वार्डों में से चार पर कांग्रेस प्रत्याशियों की जमानत जब्त हुई है, जबकि एक पर जीत मिली है। चौहान बांगर से जुबेर अहमद की जीत पार्टी के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। यही जीत दिल्ली में पार्टी को नया जीवन भी देगी बशर्ते पार्टी का शीर्ष नेतृत्व अपनी बुनियादी कमजोरियां दूर करने में कामयाब हो जाए। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी नेता खुशफहमी का शिकार होकर रह जाते हैं या अपनी कमजोरियां दूर करते हुए 2022 के निगम चुनावों की तैयारी में जुटते हैं।

मई 2019 के लोकसभा और फरवरी 2020 के विधानसभा में कांग्रेस खाता तक नहीं खोल पाई थी। विधानसभा चुनाव में तो पार्टी का वोट फीसद भी चार पर सिमट गया था। हालांकि इस उपचुनाव में पार्टी को ओवर आल 22 फीसद वोट मिले हैं। लेकिन, परदे के पीछे का सच कुछ और भी है। चौहान बांगर की एक सीट को हटा दें तो कांग्रेस को ओवर आल केवल 10.79 फीसद वोट ही मिले हैं।

चौहान बांगर सीट का गणित: राजनीतिक जानकारों के मुताबिक चौहान बांगर पूरी तरह से मुस्लिम बहुल इलाका है। पहले यहां कांग्रेस का ही दबदबा रहा, लेकिन आम आदमी पार्टी के आने के बाद यह सीट कांग्रेस के हाथ से छिटक गई। पार्टी के कद्दावर नेता मतीन अहमद भी अपनी हार बचा नहीं पाए।

विधानसभा चुनाव 2020 में यहां आप को 67.86 फीसद जबकि कांग्रेस को 28.37 फीसद वोट मिले। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को 83.90 फीसद वोट मिले थे और आप को सिर्फ 10.43 फीसद वोट मिले थे। इस बार यहां पर कांग्रेस को 73 फीसद वोट मिले हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि पिछले एक साल में दिल्ली में जो घटनाक्रम हुआ है, उससे मुस्लिम समुदाय ने फिर से कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। यह जीत उसी का परिणाम है।

chat bot
आपका साथी