फिर चर्चा में जेसिका हत्याकांड, सजा काट रहे मनु शर्मा ने रिहाई के लिए दायर की याचिका

तंदूर कांड के दोषी सुशील कुमार शर्मा की रिहाई के बाद अब जेसिका लाल हत्याकांड के दोषी मनु शर्मा ने भी समयपूर्व रिहाई की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

By Edited By: Publish:Sun, 20 Jan 2019 08:11 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jan 2019 09:33 AM (IST)
फिर चर्चा में जेसिका हत्याकांड, सजा काट रहे मनु शर्मा ने रिहाई के लिए दायर की याचिका
फिर चर्चा में जेसिका हत्याकांड, सजा काट रहे मनु शर्मा ने रिहाई के लिए दायर की याचिका

नई दिल्ली, जेएनएन। तंदूर कांड के दोषी पूर्व कांग्रेस नेता सुशील कुमार शर्मा की रिहाई के बाद अब जेसिका लाल हत्याकांड के दोषी सिद्धार्थ वशिष्ठ उर्फ मनु शर्मा ने भी समयपूर्व रिहाई की मांग करते हुए दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। मनु शर्मा को 1999 में मॉडल जेसिका लाल की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। उसकी याचिका पर सोमवार को न्यायमूर्ति नज्मी वजीरी की पीठ के समक्ष सुनवाई हो सकती है।

बता दें कि हाई कोर्ट ने 21 दिसंबर 2018 को तंदूर कांड के दोषी सुशील कुमार शर्मा को रिहा करने के आदेश दिए थे। पत्नी की हत्या कर उसके शरीर के हिस्सों को तंदूर में जलाने का दोषी सुशील कुमार शर्मा दो दशक से सजा काट रहा था। उसे हाई कोर्ट से मिली राहत के एक महीने के बाद अब मनु शर्मा ने 4 अक्टूबर 2018 के सजा समीक्षा बोर्ड (एसआरबी) की संस्तुति को खारिज करने की मांग की है, जिसमें उसके आवेदन को खारिज कर दिया गया था।

अधिवक्ता अमित सैनी के माध्यम से दायर याचिका में मनु शर्मा ने दावा किया कि जेल प्रशासन, पुलिस, दिल्ली सरकार के जन कल्याण विभाग समेत सभी विभागों ने उसकी समय पूर्व रिहाई की संस्तुति कर दी थी। इसके बावजूद उसके आवेदन को खारिज कर दिया गया।

याचिका के अनुसार, मनु शर्मा बगैर किसी राहत के 15 साल की सजा काट चुका है और वह समय पूर्व रिहाई के योग्य है। मनु शर्मा ने आरोप लगाया कि एसआरबी ने सही तरीके से प्रक्रिया का पालन नहीं किया, इसलिए उसका आदेश खारिज किए जाने योग्य है।

पूर्व केंद्रीय मंत्री विनोद शर्मा के बेटे मनु शर्मा को बरी करने के निचली अदालत के फैसले को पटलते हुए दिल्ली हाई कोर्ट ने दिसंबर 2006 में उम्रकैद की सजा सुनाई थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने अप्रैल 2010 में बरकरार रखा था। 30 अप्रैल 1999 की रात दक्षिणी दिल्ली के महरौली इलाके में कुतुब कोलोनाडे स्थित एक रेस्तरां में शराब परोसने से इनकार करने पर मनु शर्मा ने जेसिका लाल को गोली मार दी थी।

chat bot
आपका साथी