जरूरी है समय व सिलेबस की जुगलबंदी, करेंटअफेयर्स पर अधिक जोर न दें

करेंटअफेयर्स का सवाल है तो उस पर अधिक जोर न दें। उसके बारे में जो तैयारी होनी थी मानकर चलें कि वह हो चुकी है। हां यदि आपने महत्वपूर्ण तथ्यों का संकलन करके रखा है तो उसे अवश्य देखते रहें। अब पुस्तकों से मुक्त होने का दौर आ चुका है।

By Nitin AroraEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 03:11 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 04:39 PM (IST)
जरूरी है समय व सिलेबस की जुगलबंदी, करेंटअफेयर्स पर अधिक जोर न दें
जरूरी है समय व सिलेबस की जुगलबंदी, करेंटअफेयर्स पर अधिक जोर न दें

डा. विजय अग्रवाल। समय की दृष्टि से अब आप सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के सबसे अधिक संवेदनशील एवं कीमती दौर में प्रवेश कर चुके हैं। परिस्थितियों की आड़ लेकर इसके एक छोटे से भी टुकड़े की बर्बादी आपको बहुत महंगी पड़ सकती है। सौ में से मात्र एक प्रश्न का सही या गलत होना आपकी सफलता का न्यायाधीश बन सकता है। इसलिए अब वह वक्त आ चुका है, जब आपको अपनी तैयारी के रूप को सघन बनाना है। कैसे, इस पर हम बात करते हैं...

ऐसा समय और सिलेबस की बेहतर जुगलबंदी के द्वारा किया जाना चाहिए। अब आपको अपना पूरा समय प्रारंभिक परीक्षा को देना होगा। यदि सर्विस में हैं, तब भी। फिर चाहे यह जैसे भी संभव हो। आप नहीं जान सकते कि कल का क्या पढ़ा हुआ आ जाये और वही आपका तारणहार सिद्ध हो। आप अब अपने दिमाग को सभी ओर से हटाकर उसे केवल एक ही कर्म और केवल एक ही चिंतन तक केंद्रित कर दें और वह है-प्री की तैयारी। कुछ समय के लिए स्वयं को अपने इस बड़े उद्देश्य का आज्ञाकारी गुलाम बनाने की बहादुरी दिखायें। यहां मैं जिस सिलेबस की बात कर रहा हूँ, वह सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का सिलेबस है। चिड़िया के आंख की पुतली की तरह आपकी तैयारी के केंद्र में केवल वे टापिक्स और तथ्य होने चाहिए, जिनके परीक्षा में आने की संभावना अपेक्षाकृत अधिक होती है।

अब न तो पूरे सिलेबस को पढ़ने की नीति सही है और न ही सब कुछ को दोहराने की नीति। यह अतीत की बात हो चुकी है। ऐसा करके आप अपने श्रम के उचित प्रतिदान से वंचित रह जायेंगे। आपका ध्यान रिवीजन करने पर होना चाहिए। लेकिन रिवीजन किसका और किससे? आप जानते हैं कि प्री में पूछे जाने वाले कुल प्रश्नों के दो तिहाई केवल चार विषयों से होते हैं – राजनीति शास्त्र, अर्थशास्त्र, भूगोल एवं इतिहास। इन विषयों में भी कुछ चैप्टर्स ऐसे होते हैं, जिनसे प्रश्नों की संभावना अधिक होती है, जैसे कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन से। जाहिर है कि आपको अपना अधिक वक्त इन्हीं को देना चाहिए।

जहां तक करेंटअफेयर्स का सवाल है, उस पर अधिक जोर न दें। उसके बारे में जो तैयारी होनी थी, मानकर चलें कि वह हो चुकी है। हां, यदि आपने महत्वपूर्ण तथ्यों का संकलन करके रखा है, तो उसे अवश्य देखते रहें। अब पुस्तकों से मुक्त होने का दौर आ चुका है। यदि आपने अंडरलाइन कर-करके अध्ययन किया है, तो उससे भी रिवीजन आसान हो सकता है। प्री में रिवीजन के लिए सबसे अधिक उपयोगी होते हैं- वन लाइनर फैक्ट्स। महत्वपूर्ण तथ्यों की छोटी-छोटी जानकारियां। इससे न केवल समय बचता है, बल्कि मस्तिष्क में स्पष्टता भी आती है। साथ ही बेस भी मजबूत होता है। हो सकता है कि आपने नोट्स बना रखे हों। यह उनके सही-सही एवं अधिकतम आदर्श उपयोग करने का सर्वाधिक बेहतर वक्त है। इन्हें अधिक से अधिक समय दें, बार-बार समय दें और पूरे मनोयोग से समय दें।

(लेखक पूर्व सिविल सर्वेंट एवं afeias के संस्‍थापक हैं)

chat bot
आपका साथी