हरियाणा से शराब ले जाते थे बिहार, फिर उड़ीसा से लाते थे गांजा दिल्‍ली, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश

आरोपित हरियाणा से अवैध शराब की खेप लेकर बिहार जाते थे और लौटते समय ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली आते थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों पंकज उर्फ जतिन व बलिराम शर्मा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 143 किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Mon, 28 Sep 2020 10:00 PM (IST) Updated:Mon, 28 Sep 2020 10:00 PM (IST)
हरियाणा से शराब ले जाते थे बिहार, फिर उड़ीसा से लाते थे गांजा दिल्‍ली, अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश
पुलिस की गिरफ्त में बदमाश की प्रतिकात्‍मक तस्‍वीर। फाइल फोटो।

नई दिल्‍ली, गौतम मिश्रा। द्वारका जिला पुलिस के एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड ने एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो पिछले पांच वर्षों से गांजा व शराब तस्करी के काले धंधे में हैं। आरोपित हरियाणा से अवैध शराब की खेप लेकर बिहार जाते थे और लौटते समय ओडिशा से गांजा लेकर दिल्ली आते थे। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपितों पंकज उर्फ जतिन व बलिराम शर्मा को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से पुलिस ने 143 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने जब्त किया है। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार मीणा ने बताया कि नौ अगस्त को एंटी नारकोटिक्स स्क्वायड ने नसरुद्दीन नामक आरोपित से चार किलोग्राम गांजा बरामद किया है।

द्वारका साउथ थाने में इस बावत मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में नसरुद्दीन ने पुलिस को बताया कि उसे यह खेप रंजय कुमार झा नामक शख्स से मिली थी। छानबीन के दौरान पुलिस ने रंजय को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन रंजय ने पूछताछ में किसी और का नाम पुलिस को बताया। जिस शख्स का नाम रंजय ने बताया कि पुलिस ने उसकी खोजबीन शुरू की है।

एसीपी विजय सिंह यादव की देखरेख में स्क्वायड के प्रभारी इंस्पेक्टर रामकिशन यादव की टीम ने मामले में उस शख्स पर ध्यान लगाया जिसका नाम रंजय ने बताया था। तमाम जानकारियों के इस कार्य में तकनीकी छानबीन का भी सहारा लिया। पुलिस की मेहनत रंग लाई। सूत्रों से पुलिस को पता चला कि आरोपित कानपुर में है। इसके बाद पुलिस की टीम 23 सितंबर को कानपुर पहुंची। करीब तीन दिन यहां बिताने के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपित एक कार से गांजे की खेप लेकर दिल्ली के लिए निकल रहा है।

पुलिस ने इस जानकारी के आधार पर कानपुर इटावा रोड पर आरोपित का पीछा करना शुरू किया। पीछा करते करते पुलिस इटावा जिले के पिलकर नामक जगह पर पहुंची। यहां पुलिस ने कार को रोकने में कामयाबी पाई। इस कार पर अलग अलग बोरियों में कुल 143 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। कार में दो लोग सवार थे, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। एक आरोप पंकज मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिला स्थित रायपुर गांव का रहने वाला है। दूसरा आरोपित बलिराम शर्मा पंजाब के लुधियाना जिला स्थित बड़ी हाबोवाल का रहने वाला है। पूछताछ में दोनों आरोपितों से पुलिस को पता चला कि ये पिछले पांच वर्षों से गांजा तस्करी के धंधे में हैं। पुलिस के अनुसार अभी इनसे पूछताछ कर बिहार के उन लोग के बारे में पता लगाया जा रहा है जिन्हें ये अवैध शराब बेचते थे। साथ ही ओडिशा में भी जहां से गांजा खरीदते थे, उस जगह के बारे में पता लगाया जा रहा है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी