Delhi Hot Weather 2021: मार्च महीने में पड़ने वाली है अप्रैल-मई जैसी गर्मी, मौसम विभाग ने बताई वजह

Delhi Hot Weather 2021 स्काईमेट वेदर के मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि इस वर्ष फरवरी में ही रिकार्ड तोड़ गर्मी रही है। मार्च में भी सामान्य से अधिक गर्मी पड़ना तय है। तेज धूप और 35-36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान में पसीना निकलना भी तय है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 06:37 AM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 02:55 PM (IST)
Delhi Hot Weather 2021: मार्च महीने में पड़ने वाली है अप्रैल-मई जैसी गर्मी, मौसम विभाग ने बताई वजह
29 मार्च को अधिकतम तापमान 37 से 38 और न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। आमतौर पर हर साल गुलाबी ठंड में मनाया जाने वाला रंगों का पर्व होली, इस बार खासी गर्मी में मनाया जाएगा। वैसे तो होली पर लोग एक-दूसरे को रंगों से भिगोते हैं, लेकिन इस बार तापमान इतना ज्यादा होगा कि लोग रंगों से ज्यादा पसीने से भीगते नजर आएंगे। फरवरी में ही अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस पार कर चुका है। ऐसे में मार्च के आखिर तक अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान 17 से 18 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।

पिछले वर्ष 29 मार्च के तापमान पर गौर करें तो भी यह अधिकतम 37 और न्यूनतम 17 डिग्री सेल्सियस रहा था। इस बार फरवरी में औसत से ज्यादा तापमान इस बात का संकेत करता है कि मार्च में भी तापमान औसत से ज्यादा रह सकता है। हालांकि, बीच-बीच में पश्चिमी विक्षोभ आते रहेंगे, लेकिन गुलाबी ठंड में मस्ती से होली मनाने की संभावना इस बार नहीं दिख रही है।

स्काईमेट वेदर के मुख्य मौसम विज्ञानी महेश पलावत ने बताया कि जलवायु परिवर्तन के असर से इस वर्ष फरवरी में ही रिकार्ड तोड़ गर्मी रही है। मार्च में भी सामान्य से अधिक गर्मी पड़ना तय है। तेज धूप और 35-36 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान में पसीना निकलना भी तय है। लिहाजा, इस बार होली पर ठीकठाक गर्मी होगी।

पहाड़ों की बर्फ से दिल्ली के तापमान में आंशिक कमी

पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर दिल्ली तक पहुंचने लगा है। हवा की रफ्तार भी बढ़ने के साथ ही दिल्ली के अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान में आंशिक कमी देखने को मिल रही है। अधिकतम तापमान जोकि सामान्य से सात डिग्री तक ऊपर चला गया था, सोमवार को सामान्य से महज दो डिग्री अधिक 29.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

इसी तरह न्यूनतम तापमान जोकि सामान्य से चार-पांच डिग्री ऊपर चल रहा था, सोमवार को सामान्य से एक डिग्री कम 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को आसमान साफ रहेगा। दिन में 20 से 30 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा भी चलेगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 29 और 12 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी