प्रेमी संग मिलकर पत‍ि की हत्‍या, महिला समेत तीन आरोपित गिरफ्तार

मालवीय नगर थाना पुलिस ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आठ सितंबर को मजदूर का शव निर्माणाधीन साइट पर मिला था। जांच में सामने आया कि हत्या गला घोंटकर की गई है।

By Jagran News NetworkEdited By: Publish:Thu, 16 Sep 2021 01:26 PM (IST) Updated:Thu, 16 Sep 2021 01:26 PM (IST)
प्रेमी संग मिलकर पत‍ि की हत्‍या, महिला समेत तीन आरोपित गिरफ्तार
मालवीय नगर थाना पुलिस ने हत्‍या का मामला, तीन आरोपित गिरफ्तातार।

नई दिल्‍ली, जागरण संवाददाता। मालवीय नगर थाना पुलिस ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या करने वाली महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया। आठ सितंबर को मजदूर का शव निर्माणाधीन साइट पर मिला था। मृतक की पहचान मूलरूप से बदायूं, उत्तर प्रदेश निवासी मुनीष (21) के तौर पर की गई थी। वह निर्माणाधीन साइट पर ही मजदूरी का काम करता था। जांच में सामने आया कि हत्या गला घोंटकर की गई है। मामले में मुनीष की पत्नी समेत तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान भूरी देवी, दिनेश और राजेश के तौर पर की गई है।दक्षिणी जिला पुलिस उपायुक्त अतुल कुमार ठाकुर ने बुधवार को बताया कि आठ सितंबर को मालवीय नगर में मेट्रो स्टेशन के पास एक निर्माणाधीन साइट पर मुनीष का शव मिला था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चला कि उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने साइट पर काम करने वाले मजदूरों से पूछताछ की तो पता चला कि आखिरी बार मुनीष को राजेश के साथ देखा गया था। राजेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दिनेश के कहने पर उसने मुनीष की हत्या की थी। हत्या में दिनेश भी शामिल था। पुलिस ने उसे बदायूं से गिरफ्तार कर लिया। दिनेश ने बताया कि वह और मुनीष एक ही गांव के रहने वाले हैं। मुनीष की पत्नी और दिनेश एक दूसरे से प्रेम करते थे। वह शादी करना चाहते थे, लेकिन जब इसकी भनक मुनीष को लगी तो रक्षाबंधन के दिन उसने और मुनीष के पिता ने भूरी देवी को फटकार लगाई।

इससे नाराज होकर भूरी और दिनेश ने हत्या की साजिश रच डाली। सात सितंबर की रात दिनेश ने राजेश के साथ मिलकर गला घोंटकर मुनीष की हत्या कर दी। उसके बाद दिनेश बदायूं चला गया और मुनीष की पत्नी मायके चली गई। आरोपितों ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए उन्होंने मुनीष की हत्या कार्यस्थल पर की ।

chat bot
आपका साथी