Delhi Weather News Update: होली के दिन आज कैसा रहेगा मौसम? पढ़िये IMD ने जारी की ताजा भविष्यवाणी

Delhi Weather News Update होली पर गुलाबी ठंड का एहसास होता है लेकिन मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश 38 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

By Jp YadavEdited By: Publish:Mon, 29 Mar 2021 07:19 AM (IST) Updated:Mon, 29 Mar 2021 07:22 AM (IST)
Delhi Weather News Update: होली के दिन आज कैसा रहेगा मौसम? पढ़िये IMD ने जारी की ताजा भविष्यवाणी
होली पर अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं।

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। आमतौर पर हर साल गुलाबी ठंड में मनाया जाने वाला रंगों का पर्व इस बार खासी गर्मी में मनेगा। होली पर तापमान इतना होगा कि पसीना छूटेगा। तेज धूप में घर से बाहर निकलना भी चुभन भरा हो सकता है। गौरतलब है कि होली का त्योहार अमूमन हर साल मार्च के पहले या दूसरे सप्ताह में पड़ता है। इस दौरान सर्दी अपनी वापसी की राह पर होती है और गर्मी दस्तक दे रही होती है। इसी कारण होली पर गुलाबी ठंड का एहसास होता है। पानी से खेलने पर तो ठिठुरन-सी महसूस होने लगती है, लेकिन इस बार सर्दी तो फरवरी में ही विदा हो गई थी और गर्मी भी अभी से डेढ़ दशक का रिकार्ड तोड़ चुकी है।

स्काईमेट वेदर के अनुसार इस बार की होली पिछले एक दशक में सबसे अधिक गर्म हो सकती है। अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने के आसार हैं। इससे पहले वर्ष 2011 में होली पर अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वर्ष 2010 में होली का पर्व फरवरी में पड़ा था। वर्ष 2000 के बाद तीसरा मौका है कि होली का पर्व 25 मार्च के बाद है। अमूमन इन दिनों मौसम अधिक गर्म माना जाता है। इससे पहले वर्ष 2005 में 25 मार्च को होली का पर्व था। 2013 में 27 मार्च को होली मनाई गई थी।

रविवार को 37 डिग्री के पार हुआ तापमानमौसम विभाग के मुताबिक रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री अधिक 37.3 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य स्तर पर 17.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 27 से 85 फीसद दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली का नरेला 39.6 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। स्पो‌र्ट्स कांप्लेक्स का न्यूनतम तापमान सर्वाधिक 22.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 38 और 19 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

खराब श्रेणी में बनी रही दिल्ली-एनसीआर की हवा

दिल्ली के बदलते मौसम का असर वायु गुणवत्ता पर भी पड़ रहा है। इसी का असर है कि दिल्ली-एनसीआर की हवा रविवार को खराब श्रेणी में दर्ज की गई। अभी अगले दो तीन दिन तक हवा का स्तर इसी श्रेणी में बना रहेगा। इसके बाद इसमें बदलाव होने की संभावना है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी इंडेक्स के अनुसार रविवार को दिल्ली का एयर इंडेक्स 233 दर्ज किया गया।

दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े दिल्ली-233 फरीदाबाद-255 गाजियाबाद-273 ग्रेटर नोएडा-276 गुरुग्राम-214 नोएडा-227

chat bot
आपका साथी