गुजरात निकाय चुनाव: AAP के बेहतर प्रदर्शन पर बोले सौरभ - देश भर में कांग्रेस खत्म होने जा रही

आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेसवार्ता कर कहा कि कहा कि मोदी के गढ़ में लोग भाजपा को बदलने कोशिश कर रहे हैं और वह कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी को मौका दे रहे हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 24 Feb 2021 05:51 PM (IST) Updated:Wed, 24 Feb 2021 05:51 PM (IST)
गुजरात निकाय चुनाव: AAP के बेहतर प्रदर्शन पर बोले सौरभ - देश भर में कांग्रेस खत्म होने जा रही
आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज । फाइल फोटो।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। आम आदमी पार्टी (आप) ने गुजरात निकाय चुनावों में सूरत महानगर पालिका की 27 सीटें जीतकर प्रदेश में खुद को कांग्रेस का विकल्प बनाने की ओर एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। अपनी इस जीत से पार्टी गदगद है और स्वयं मुख्यमंत्री केजरीवाल ने गुजरातवासियों को बधाई दी है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, ‘नई राजनीति की शुरुआत करने के लिए गुजरात के लोगों को दिल से बधाई।’ गुजरातवासी भाजपा और कांग्रेस की राजनीति से त्रस्त थे, इसीलिए उन्होंने काम की राजनीति को वोट दिया। उन्हें एक विकल्प चाहिए था और आप के रूप में उनको यह विकल्प मिला है। अब आने वाला चुनाव सिर्फ आप और भाजपा के बीच होगा।

सभी शहरों के लोगों ने जताया भरोसा

वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि गुजरात के सभी शहरों में लोग आप पर भरोसा जता रहे हैं। भाजपा के गढ़ सूरत में आप नंबर दो पर है। लोग अब परिवर्तन चाह रहे हैं और वो आप को विकल्प के रूप में देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक गुजरात में जो सेटिंग की राजनीति थी, उसका अंत हो गया। अब जनता के मुद्दे चलेंगे। हम जनता के मुद्दों को सड़क पर और सदन में भी उठाएंगे।

सूरत के लोगों ने गजब कर दिया

सूरत के लोगों ने गजब कर दिया है। गुजरात निकाय चुनाव में जिस तरह का प्यार और समर्थन उन्होंने दिया है, उसके लिए तहे दिल से हर मतदाता को बहुत बहुत धन्यवाद और सभी साथियों को बधाई। आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने एक प्रेसवार्ता कर कहा कि कहा कि मोदी के गढ़ में लोग भाजपा को बदलने कोशिश कर रहे हैं और वह कांग्रेस की जगह आम आदमी पार्टी को मौका दे रहे हैं। यह पहली बार सच होने जा रहा है कि सूरत में सिर्फ भाजपा और आप ही है, वहां कांग्रेस नाम की कोई तीसरी पार्टी नहीं है।

देश भर में कांग्रेस खत्म होने जा रही है

उन्होंने कहा कि देश भर से कांग्रेस अब खत्म होती जा रही है। जब तक कांग्रेस खत्म नहीं होगी, तब तक भाजपा की सरकारें बनती रहेंगी, क्योंकि कांग्रेस भाजपा की आक्सीजन है।

केजरीवाल 26 को सूरत में रोड शो करेंगे

गुजरात निकाय चुनाव में सूरत महानगरपालिका में आम आदमी पार्टी की बड़ी जीत के बाद अब पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल 26 फरवरी को सूरत में रोड शो करेंगे और इसके जरिये गुजरात के लोगों का धन्यवाद करेंगे।

chat bot
आपका साथी