Tokyo Olympics: भारत माता के जयकारों के साथ एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत

टोक्यो ओलिंपिक में भारत को पदक दिलाकर गर्व से सीना चौड़ा करने का मौका देने वाले खिलाड़ियों के इस्तकबाल के लिए हजारों की संख्या में लोग इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जुटे। भारत माता के जयकारों के साथ इस जश्न में चार चांद लगा रहा था।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Mon, 09 Aug 2021 07:21 PM (IST) Updated:Mon, 09 Aug 2021 07:21 PM (IST)
Tokyo Olympics: भारत माता के जयकारों के साथ एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का हुआ भव्य स्वागत
भारत माता के जयकारों के साथ एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का हुआ इस्तकबाल

नई दिल्ली [भगवान झा]। टोक्यो ओलिंपिक में भारत को पदक दिलाकर गर्व से सीना चौड़ा करने का मौका देने वाले खिलाड़ियों के इस्तकबाल के लिए हजारों की संख्या में लोग इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर जुटे। कोई ढोल की थाप पर ठुमके लगा रहा था तो कोई भारत माता के जयकारों के साथ इस जश्न में चार चांद लगा रहा था। हर तरफ चेहेर पर खुशी और अपने खिलाड़ियों की एक झलक पाने की ललक दिखाई दे रही थी। जैसे ही घड़ी की सूई ने पांच को छुआ वहां मौजूद लोगों की निगाहे एयरपोर्ट के गेट की ओर देखने लगी।

जैसे ही खिलाड़ी गेट से बाहर आने शुरू हुआ पूरा एयरपोर्ट जश्न में डूब गया। बाहर से आए लोगों के अलावा एयरपोर्ट पर कार्यरत कर्मचारी भी खिलाड़ी के साथ सेल्फी लेने की जीतोड़ कोशिश में जुटे रहे। खिलाड़ियों के स्वागत के लिए पटेल नगर से कलाकारों का एक दल घंटों पूर्व एयरपोर्ट पर पहुंच गया था। हाथ में तिरंगा और ढोल की थाप पर कलाकार खिलाड़ियों की प्रशंसा में गीत गाते नजर आए।

महिला हाकी टीम की सदस्य सविता पूनिया की आगवानी के लिए हिसार से लड़कियां आई थीं। भारतीय एथलेटिक्स दल में स्वास्थ्य सहायक पवन कुमार ने कहा कि आने वाले वर्षों के दौरान ओलिंपिक में पदक की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। नीरज चोपड़ा की कामयाबी से हमारे खिलाड़ी प्रेरित होंगे और वे भविष्य में अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

उधर, ओलिंपिक में भारत को एक मात्र स्वर्ण दिलाने वाले नीरज चाेपड़ा जब एयरपोर्ट पर पहुंचे तो टर्मिनल के अंदर ही उन्हें लोगाें ने कंधे पर उठाकर अपनी खुशी का इजहार किया। इसके अलावा ओलिंपिक में पदक दिलाने वाले रवि दहिया के गांव नाहरी से भी काफी संख्या में युवा एयरपोर्ट पर आए थे। किशोर ने बताया कि रवि की सफलता के बाद अब गांव के बच्चे खेल में दिलचस्पी लेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।

chat bot
आपका साथी