दिल्ली से बच्ची को अगवा कर मुरादनगर में की हत्या, पुलिस ने चार बदमाशों को किया गिरफ्तार

कल्याणपुरी इलाके से अगवा की गई नौ वर्षीय बच्ची का शव चार दिन बाद शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में मिला। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पड़ोस में रहने वाले शख्स और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 26 Feb 2021 08:13 PM (IST) Updated:Fri, 26 Feb 2021 08:13 PM (IST)
दिल्ली से बच्ची को अगवा कर मुरादनगर में की हत्या, पुलिस ने चार बदमाशों को किया गिरफ्तार
फिरौती के लिए नौ वर्षीय बच्ची को किया था अगवा

नई दिल्ली [शुजाउद्दीन]। कल्याणपुरी इलाके से अगवा की गई नौ वर्षीय बच्ची का शव चार दिन बाद शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुरादनगर में मिला। पुलिस ने इस मामले में बच्ची के पड़ोस में रहने वाले शख्स और उसके तीन साथियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की पहचान जानी उर्फ शिवा, नरेश, कैलाश व तरुण के रूप में हुई है। नरेश मुख्य आरोपित जानी का मौसी का बेटा है। जानी ने नरेश के साथ मिलकर अपनी ईको कार से पड़ोस में रहने वाली बच्ची को कार में घुमाने का लालच देकर अगवा किया था। आरोपितों की मंशा फिरौती मांगने की थी, पकड़े जाने के डर से चारों ने तिबड़ा गांव के खेतों में ले जाकर लोहे की छड़ी से हमला कर बच्ची की हत्या कर दी।

आशंका व्यक्त की जा रही है हत्या से पहले आरोपितों ने बच्ची के साथ गलत काम भी किया था। हालांकि, पूर्वी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त आलोक कुमार ने इस बात से इन्कार किया है, उनका कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी। बच्ची का शव मिलने से लोगों में रोष है। शव मिलने से गुस्साए स्वजन ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर कल्याणपुरी थाने के बाहर व एनएच-9 को जाम कर प्रदर्शन किया। पुलिस अधिकारियों के समझाने पर वह सड़क से हटे।

पुलिस के अनुसार बच्ची अपने परिवार के साथ खिचड़ीपुर झुग्गियों में रहती थी, वह इलाके के एक सरकारी स्कूल में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। परिवार में पिता-मां के अलावा तीन बहने व एक भाई है। उनके पिता का छोटा मोटा काम है। 23 फरवरी काे बच्ची घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। तभी पड़ोस में रहने वाला जानी आया और बच्ची से कहा वह उसे कार में घुमाएगा। बच्ची उसके झांसे में आ गई और उसके साथ चली गई।

बच्ची को ले जाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया था जानी

पुलिस ने परिवार की शिकायत पर कल्याणपुरी थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो पता चला जानी अपनी कार से बच्ची को ले जा रहा है। पुलिस उसके घर गई तो वह फरार मिला, गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे तिबड़ा गांव से दबोच लिया। बाद में उसके तीनों साथियों को भी गिरफ्तार कर लिया। जानी ने बताया कि वह बच्ची को अगवा कर उसके परिवार से फिरौती मांगने वाला था। लेकिन उसे लगा पुलिस उसे पकड़ सकती है, इसलिए उसने बच्ची की हत्या कर दी। जानी व कैलाश खिचड़ीपुर और नरेश व तरुण तिबड़ा गांव के रहने वाले हैं। जांच में सामने आया है जानी पर उत्तर प्रदेश में हत्या का एक मुकदमा भी दर्ज है।

chat bot
आपका साथी