अर्द्धसैनिक बलों की चिंता दूर करेगी सरकार : राजनाथ सिंह

नए केंद्रीय विद्यालय में रिक्त स्थानों पर आसपास रहने वाले गरीब व शिक्षा से वंचित लोगों के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। विद्यालय का निर्माण कार्य अगले 1

By Edited By: Publish:Mon, 21 Jan 2019 08:28 PM (IST) Updated:Tue, 22 Jan 2019 07:42 PM (IST)
अर्द्धसैनिक बलों की चिंता दूर करेगी सरकार : राजनाथ सिंह
अर्द्धसैनिक बलों की चिंता दूर करेगी सरकार : राजनाथ सिंह

नोएडा, जेएनएन। देश की सीमा और आंतरिक सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले अ‌र्द्धसैनिक बल के जवानों के परिवार के लिए केंद्र सरकार अहम कदम उठा रही है। सुरक्षा बलों के बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) के ग्रेटर नोएडा केंद्र में केंद्रीय विद्यालय शुरू किया गया है। देशभर में अ‌र्द्धसैनिक बलों के केंद्रों में इस तरह के कई विद्यालय शुरू किए गए हैं। सीमा पर तैनात सुरक्षा बलों को अपने बच्चों के शिक्षा की चिंता काफी हद तक कम होगी।

केंद्रीय विद्यालय का शिलान्यास करने आए केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि विद्यालय का निर्माण कार्य अगले 18 माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके निर्माण पर करीब 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बीते साल से यहां एक से पांच तक की कक्षाएं अस्थाई भवन में शुरू कर दी गई है।

स्थाई भवन बनने के बाद भविष्य में यहां करीब 1200 विद्यार्थियों को शिक्षा दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जवानों के बच्चों के बाद रिक्त बची सीटों पर स्थानीय व गरीब बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। हालांकि ग्रेटर नोएडा के पी थ्री सेक्टर में भी एक केंद्रीय विद्यालय संचालित हो रहा है। शहर में दूसरे विद्यालयों की आधारशिला सीआइएसएफ कैंपस में रखी गई है।

राजनाथ सिंह  ने कहा कि दिल्ली से नजदीक सीआइएसएफ, सीआरपीएफ व आइटीबीपी की कंबाइंड बाउंड्री है। यहां करीब दस हजार से अधिक कार्मिक व अधिकारी व उनके परिवार रहते हैं। बच्चों के बेहतर शिक्षा के लिए केंद्रीय विद्यालय बेहद जरूरी है। करीब एक साल पहले आइटीबीपी में रेफरल अस्पताल के शुभारंभ का जिक्र करते हुए कहा कि यहां अ‌र्द्धसैनिक बलों के उपचार के साथ आकस्मिक स्थिति में आसपास के लोगों का भी उपचार किए जाएगा।

सीआइएसएफ के महानिदेशक राजेश रंजन ने कहा कि केंद्रीय विद्यालय के पूर्ण रूप से शुरू होने के बाद यहां करीब छह हजार से अधिक जवानों के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा। वर्तमान में यहां कक्षा एक से पांच तक के लिए करीब 197 बच्चों को दाखिला दिया गया है। बीते वर्ष यहां अस्थाई भवन में केंद्रीय विद्यालय शुरू किया गया है। अभी तक यहां के बच्चों को करीब सात से आठ किलोमीटर की यात्रा कर केंद्रीय विद्यालय जाना पड़ता था।

केंद्रीय विद्यालय संगठन के आयुक्त संतोष कुमार मल्ल ने कहा कि यह केंद्रीय विद्यालय संगठन का 1199 वां विद्यालय हैं। इनमें से तीन विद्यालय विदेशों में संचालित हो रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में केंद्रीय विद्यालय संगठन के कुछ मेधावी व साहसी बच्चों को सम्मानित भी किया गया। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा, दादरी विधायक तेजपाल नागर, सीआइएसएफ केंद्र सूरजपुर के डीआइजी विक्रम सिंह मान, जिलाधिकारी बीएन सिंह समेत सीआइएसफ के तमाम अधिकारी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी