Free Wifi: निगम की मुफ्त व सस्ता वाई-फाई योजना पर काम कर रहे वेंडर ने खींचे हाथ, योजना पर ग्रहण

वाई-फाई लगा रहे वेंडर ने इसे लगाने को लेकर असमर्थता जता दी है। अब वेंडर के इस रवैये को लेकर नगर निगम ने केंद्रीय दूरसंचार विभाग से गुहार लगाई है। साथ ही इसके लिए दूसरा वेंडर दिलाने की मांग की है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 04 Aug 2021 04:26 PM (IST) Updated:Wed, 04 Aug 2021 04:26 PM (IST)
Free Wifi: निगम की मुफ्त व सस्ता वाई-फाई योजना पर काम कर रहे वेंडर ने खींचे हाथ, योजना पर ग्रहण
दक्षिणी निगम क्षेत्र में लगा वाई-फाई हाटस्पाट।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। दक्षिणी नगर निगम के लोगों को मुफ्त व सस्ता वाई-फाई देने की प्रधानमंत्री एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (पीएम-वाणी) के पूरा होने से पहले ही इस पर ग्रहण लग गया है। वाई-फाई लगा रहे वेंडर ने इसे लगाने को लेकर असमर्थता जता दी है। अब वेंडर के इस रवैये को लेकर नगर निगम ने केंद्रीय दूरसंचार विभाग से गुहार लगाई है। साथ ही इसके लिए दूसरा वेंडर दिलाने की मांग की है। ताकि निगम लोगों को मुफ्त वाई-फाई की सुविधा प्रदान करा सके। निगम को उम्मीद है कि केंद्रीय दूरसंचार विभाग से जल्द ही उन्हें मदद मिलेगी।

दक्षिणी निगम के सभी 104 वार्ड में पीएम वाणी योजना के तहत वाई-फाई लगाने की योजना को शुरू किया था। इसके तहत हर वार्ड में 20-20 हाटस्पाट लगाए जाने थे। निगम ने इन हाटस्पाट को लगाने के लिए झुग्गी बस्ती और अनधिकृत कालोनियों के 20-20 स्थान चिंहित करके दिए थे। इसका काम भी तेजी से चल रहा था, लेकिन अचानक इस कार्य को करने वाले वेंडर ने काम करने से हाथ खड़े कर दिए।

निगम अधिकारियों ने बीते सप्ताह हुई स्थायी समिति की बैठक में बताया कि वेंडर ने कहा कि उसे नुकसान हो रहा है इसलिए वह आगे का कार्य नहीं कर पाएगा। इसको लेकर निगमायुक्त ने सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग के निदेशक को आदेश दिया कि वह इस संबंध में केंद्रीय दूरसंचार विभाग को पत्र लिखें। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली में इस कार्य के लिए चार वेंडर ही उपलब्ध हैं। निगम ने जब यह कार्य करना शुरू किया था तो केवल एक ही वेंडर ने इस पर काम करने की इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन वह भी अब काम नहीं कर रहा है।

481 स्थानों पर लग चुका है वाई-फाई

दक्षिणी निगम अब तक 481 स्थानों पर वाई-फाई हाटस्पाट लगा चुका है। यह कार्य 45 निगम वार्ड में हुआ है। वहीं, 64 निगम वार्ड में 995 स्थान चिंहित हो चुके है। निगम की योजना के अनुसार 2080 स्थानों पर यह वाई-फाई लगना था। अभी तक 34 हजार से ज्यादा लोग इसका उपयोग कर चुके हैं।

दिल्ली में चार वेंडर इस कार्य को करते हैं जिसमें से एक ही वेंडर ने काम करने की इच्छा जताई थी। अब वेंडर ने कार्य में असमर्थता जताई है जिसको लेकर हमने केंद्रीय दूरसंचार विभाग को इस संबंध में पत्र लिखा है जिसमें उनसे वेंडर उपलब्ध कराने की मांग की है।

chat bot
आपका साथी