Farmers Protest: जंतर मंतर पर हर दिन 6 घंटा प्रदर्शन कर सकेंगे किसान

कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन करने वाले किसानों को संसद के मानसून सत्र के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए अनुमति मिल गई है। उपराज्यपाल अनिल बैजल के निर्देश पर दिल्ली पुलिस व किसानों के बीच सहमति बनी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 21 Jul 2021 08:54 PM (IST) Updated:Wed, 21 Jul 2021 08:54 PM (IST)
Farmers Protest: जंतर मंतर पर हर दिन 6 घंटा प्रदर्शन कर सकेंगे किसान
200 किसान हर दिन जंतर मंतर पर सुबह 11 से शाम 5 बजे यानी 6 घंटा प्रदर्शन कर सकेंगे।

नई दिल्ली, राकेश कुमार सिंह। कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन करने वाले किसानों को संसद के मानसून सत्र के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने के लिए अनुमति मिल गई है। उपराज्यपाल अनिल बैजल के निर्देश पर दिल्ली पुलिस व किसानों के बीच सहमति बनी। 200 किसान हर दिन जंतर मंतर पर सुबह 11 से शाम 5 बजे यानी 6 घंटा प्रदर्शन कर सकेंगे। 22 जुलाई से 9 अगस्त तक प्रदर्शन करने की इजाजत दी गई है।

किस तरह होगी किसानों की दिल्ली में एंट्री

पुलिस अधिकारी का कहना है कि पुलिसकर्मियों की कड़ी सुरक्षा घेरे में हर दिन सीमाओं से बसों में सवार होकर केवल 200 प्रदर्शनकारी किसान जंतर मंतर आ सकेंगे। इसके अलावा एक एसयूवी में 6 किसान नेता अलग से जंतर मंतर पर आ सकेंगे। प्रदर्शन के बाद सभी को वापस जंतर मंतर पर भेज दिया जाएगा।

पिछली बैठक रही थी बेनतीजा

कोरोना आदि कई मसले को देखते हुए मंगलवार तक दिल्ली पुलिस ने किसानों को जंतर मंतर पर आकर प्रदर्शन करने की इजाजत नहीं दी थी। संसद तक जाने देने के लिए संयुक्त किसान मोर्चा ने कई बार दिल्ली पुलिस से इजाजत मांगी थी लेकिन अनुमति नहीं दी गई। मंगलवार को भी दिल्ली पुलिस व किसानों के बीच कई बार बैठक हुई थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।

उपराज्यपाल अनिल बैजल के आदेश पर मिली अनुमति

बुधवार को दिल्ली सरकार के तरफ से डीडीएमए के एडिशनल सीईओ राजेश गोयल ने पुलिस मुख्यालय के एडिशनल सीपी दीपक पुरोहित को पत्र भेज कर बताया कि उपराज्यपाल अनिल बैजल से अनुरोध के बाद उनके निर्देश पर किसानों को जंतर मंतर पर प्रदर्शन करने की इजाजत दे दी गई है। उपराज्यपाल ने इस संबंध में पुलिस विभाग को सूचित कर देने को कहा है।

कब से कब तक के लिए मिली है अनुमति

किसानों को प्रदर्शन करने के लिए 22 जुलाई से 9 अगस्त तक के लिए ही अनुमति दी गई है। इस दौरान सभी कोरोना संक्रमण पर अंकुश लगाने के सरकार द्वारा जारी पूर्व के सभी दिशा निर्देशों का सख्ती से पालन करेंगे। शारीरिक दूरी बनाएंगे, हाथों को बार बार साफ करेंगे, सेनिटाइजर का इस्तेमाल करेंगे।

दिल्ली पुलिस ने कड़े किए बंदोबस्त

उधर 22 से संसद घेराव का पूर्व के एलान की घोषणा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। संसद के आसपास किसी को भी फटकने नहीं दिया जाएगा। नई दिल्ली जिला को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। जिले में आने वाले हर मार्ग पर मजबूत बैरिकेडिंग कर भारी संख्या में दिल्ली पुलिस और पैरा मिलिट्री के जवानों की तैनाती कर दी गई है। दिल्ली की सभी सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अभी थाना पुलिस अपने अपने इलाके में लगातार गश्त कर रही है। आला अधिकारी भी अपने अपने इलाके में गश्त कर रहे हैं।

chat bot
आपका साथी