Farmer Protest: यूपी गेट पर फिर शुरू हुआ पक्का निर्माण, राकेश टिकैत बोले बिना शर्त बात करे केंद्र सरकार

Farmer Protest कृषि कानूनों का विरोध कर रहे प्रदर्शनकारियों ने यूपी गेट पर एक बार फिर से पक्का निर्माण शुरू कर दिया है। प्रदर्शनकारी हाईवे और फ्लाईओवर के नीचे निर्माण कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बारिश के पानी को रोकने के लिए निर्माण कर रहे हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 20 Jun 2021 06:04 AM (IST) Updated:Sun, 20 Jun 2021 07:18 AM (IST)
Farmer Protest: यूपी गेट पर फिर शुरू हुआ पक्का निर्माण, राकेश टिकैत बोले बिना शर्त बात करे केंद्र सरकार
प्रदर्शनकारी हाईवे और फ्लाईओवर के नीचे निर्माण कर रहे हैं।

नई दिल्ली/गाजियाबाद, जागरण संवाददाता। तीनों कृषि कानूनों के विरोध में यूपी गेट पर 28 नवंबर से चल रहा धरना शनिवार को भी जारी रहा। यहां प्रदर्शनकारियों ने एक बार फिर से पक्का निर्माण शुरू कर दिया है। मौके पर तैनात पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास तक नहीं किया। प्रदर्शनकारी यूपी गेट पर राष्ट्रीय राजमार्ग-नौ, दिल्ली मेरठ एक्सप्रेस-वे व संपर्क मार्ग की दिल्ली जाने वाली लेन पर कब्जा कर रखा है। फ्लाईओवर के नीचे भी उनका कब्जा है। प्रदर्शनकारियों ने मई के अंतिम सप्ताह में यहां पक्का निर्माण शुरू किया था। उस दौरान संपर्क मार्ग के फुटपाथ की दीवार तोड़कर ईंट व सीमेंट से चिनाई कर दो कमरों का स्वरूप दिया था। बाद में काम रुक गया था। शनिवार से दोबारा पक्का निर्माण शुरू हो गया है। यहां एक ट्राली ईंट आई है। मंच के टेंट के किनारे-किनारे ईंट व सीमेंट से चिनाई कराई जा रही है।

फ्लाईओवर के नीचे भी ईंट व सीमेंट से चिनाई हो रही है। दोनों जगहों पर करीब एक फीट ऊंची दीवार खड़ी की गई है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि बारिश के पानी से बचाव के लिए पक्की चिनाई कराई जा रही है।

पुलिस ने नहीं रोका

यूपी गेट पर सुरक्षा-व्यवस्था की दृष्टि से भारी पुलिस बल तैनात है। शनिवार को यहां पक्का निर्माण होता रहा और पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध भी नहीं किया। वहीं, अपर जिलाधिकारी नगर शैलेंद्र सिंह का कहना है कि पक्के निर्माण की जानकारी नहीं है अगर ऐसा होगा तो बातचीत करके उसे हटवाया जाएगा।

बिना सशर्त होगी बात

भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि बिना शर्त के सरकार वार्ता करें, हम तैयार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रेडियो पर मन की बात करते हैं। किसानों से भी खुले मन से बात करें तो अच्छा रहेगा। बता दें कि प्रदर्शनकारी छह महीने से अधिक समय से यूपी गेट पर धरना दे रहे हैं। 

chat bot
आपका साथी