मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना: तीर्थयात्रा कर अयोध्या से लौटे बुजुर्ग, बोले 'सपना हुआ पूरा'

Mukhyamantri Tirth Yatra Yojana मंत्री गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली से पहली ट्रेन अयोध्या के लिए गई थी। लगभग एक हजार तीर्थयात्री बुजुर्ग माताएं-बहनें इस यात्रा में गए थे। उनके अंदर इस यात्रा के बाद खुशी है कि उन्होंने अयोध्या जाकर दर्शन किए और आरती की।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Tue, 07 Dec 2021 01:38 PM (IST) Updated:Tue, 07 Dec 2021 01:38 PM (IST)
मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना: तीर्थयात्रा कर अयोध्या से लौटे बुजुर्ग, बोले 'सपना हुआ पूरा'
सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर अयोध्या से दर्शन कर लौटे यात्रियों का स्वागत करते पर्यावरण मंत्री गोपाल राय।

नई दिल्ली [गौरव बाजपेई]। दिल्ली सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना के तहत अयोध्या दर्शन के लिए गए दर्शनार्थियों का पहला दल दिल्ली वापस लौट आया है। सफदरजंग रेलवे स्टेशन पर सोमवार शाम करीब पांच बजे ट्रेन पहुंची। यहां पर्यावरण मंत्री गोपाल राय, विधायक विरेन्द्र कादयान समेत आम आदमी पार्टी के कई नेताओं ने तीर्थ यात्रियों का स्वागत कर उनसे आशीर्वाद लिया। उन्हें एक छाता बैग उपहार में दिया गया। सभी यात्रियों को घर वापस छोड़ने के लिए स्टेशन के बाहर ही बसों का भी इंतजाम किया गया था।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गोपाल राय ने बताया कि दिल्ली से पहली ट्रेन अयोध्या के लिए गई थी। लगभग एक हजार तीर्थयात्री, बुजुर्ग, माताएं-बहनें इस यात्रा में गए थे। उनके अंदर इस यात्रा के बाद खुशी है कि उन्होंने अयोध्या जाकर दर्शन किए और आरती की। पूरी दिल्ली से पिछले दो साल से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तमाम धार्मिक स्थलों पर चाहे वह हिंदू हों, मुस्लिम हों, चाहे सिख हों, वह यात्रा करते रहे हैं।

यात्रा के दौरान मिलीं यह सुविधाएं

दिल्ली से एसी ट्रेन से तीर्थयात्रियों को ले जाया और लाया गया। अयोध्या में होटल में ठहराया गया। दर्शन के लिए होटल से लाने और ले जाने की व्यवस्था की गई। रात में सत्संग कराया गया और सरयू नदी की आरती कराई। बुजुर्गों को घर से बसों में लाया और ले जाया गया।

जनवरी में ले जाएंगे करतारपुर साहिब और वेलंकन्नी

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत दिल्ली के बुजुर्ग जनवरी में करतारपुर साहिब और वेलंकन्नी की तीर्थ यात्रा पर जाएंगे। मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब 15 तीर्थ स्थल पर जाया जा सकता है। अभी हाल ही में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निर्देश पर इसमें वेलंकन्नी और करतारपुर साहिब तीर्थ स्थल को भी शामिल किया गया है। दिल्ली से वेलंकन्नी तीर्थ स्थल जाने वाले यात्रियों को दिल्ली सरकार की तरफ से ट्रेन में एसी थ्री टियर सीट उपलब्ध कराई जाएगी।

वहीं, करतारपुर साहिब के लिए दिल्ली के श्रद्धालुओं को डीलक्स एसी बस से भेजने की योजना बनाई गई है। दिल्ली से करतारपुर साहिब के लिए एसी बस के जरिए यात्रियों का पहला जत्था 05 जनवरी 2022 को रवाना होगा और दिल्ली से वेलंकन्नी के लिए यात्रियों को लेकर पहली ट्रेन 07 जनवरी 2022 को रवाना होगी।

अयोध्या से लौटे त्रिलोक तलवार ने बताया कि यात्रा के दौरान हमें रुकने घूमने और खाने पीने की सभी सहूलियतें दी गई। हमें ट्रेन में पानी भी नहीं खरीदना पड़ा। राज्य सरकार की इस पहल से बहुत से लोगों को फायदा मिलेगा। कविता तलवार ने कहा कि बड़े दिनों से श्री राम जन्मभूमि के दर्शन करने की इच्छा थी। मुख्यमंत्री की इस योजना के जरिए आसानी से दर्शन मिले। दिल्ली सरकार की इस योजना के लिए आभार। लक्ष्मी देवी ने कहा कि जीवन की संध्या बेला में सरकार की मदद से भगवान राम के दरबार में जाने का अवसर मिल पाया है। बड़े दिनों से जन्मभूमि के दर्शन का सपना था जो आज पूरा हो गया।

chat bot
आपका साथी