दिल्ली के बुराड़ी में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या, पुलिस को किसी करीबी पर शक

बुराड़ी के कमालपुर में बीती रात 65 साल की बुजुर्ग महिला की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। महिला का नाम रजवारी है। गला काटकर हत्या की गई। महिला के पैरों पर भी जले होने के निशान मिले हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 11:34 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 11:34 AM (IST)
दिल्ली के बुराड़ी में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या, पुलिस को किसी करीबी पर शक
दिल्ली के बुराड़ी में घर में घुसकर बुजुर्ग महिला की हत्या

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। बुराड़ी के कमालपुर में 65 साल की बुजुर्ग महिला की उनके घर में गला रेतकर हत्या कर दी गई। उन्हें जलाने की भी कोशिश की गई। घर में आरोपितों ने दोस्ताना प्रवेश किया है। घर से नगदी, जेवरात व अन्य कीमती सामान के लूटने की बात अभी सामने नहीं आई है। पुलिस ने फिलहाल अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वारदात के तरीके से पुलिस को किसी परिचित पर शक है। पुलिस की तीन टीमों को जांच में लगा दिया गया है।

उत्तरी जिला पुलिस अधिकारी के मुताबिक मरने वाली महिला का नाम राजवती है। उनके पति की कुछ साल पहले मृत्यु हो चुकी है। राजवती को एक संतान है। उनका नाम प्रमोद है। प्रमोद शादीशुदा है। उन्हें अभी कोई संतान नहीं है। पहले ये लोग बुराड़ी में ही उत्तराखंड एंक्लेव में रहते थे। 20 दिन पहले ये लोग कमालपुर स्थित अपने घर में आए थे। इनके घर के अगल बगल में कोई घर नहीं है इसलिए आसानी से वारदात को अंजाम दिया गया। प्रमोद पहले कैब चलवाता था। बाद में उन्होंने ढाबा खोल लिया। ढाबे में 8-10 कर्मचारी काम करता है।

शनिवार शाम 5 बजे प्रमोद , पत्नी के साथ किसी परिचित के घर खजूरी गए थे। वहां से देर रात करीब 10 बजे घर लौटे तो मेन गेट का दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाकर देखा तो राजवती खून से लहूलुहान जमीन पर पड़ी थी। उनका गला रेता हुआ था। साड़ी भी जला हुआ था। बांए पैर पर जलने के निशान थे। ऐसा प्रतीत हो रहा था कि घर में घी आदि ज्वलनशील पदार्थ छिड़क कर आग लगाने की कोशिश की गई थी।

इलाके के लोगों ने पुलिस को बताया कि दो संदिग्ध को उन्होंने घूमते हुए देखा था। बताया जा रहा है कि इलाके में जगह जगह सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं, ऐसे में उम्मीद जताई जा रही है कि कहीं न कहीं आरोपितों की तस्वीरें कैद हो गई होगी। पुलिस कैमरे की फुटेज खंगाल सुराग ढूंढने की कोशिश में जुटी है। प्रॉपर्टी विवाद समेत तमाम पहलुओं पर पुलिस टीम जांच में जुटी है।

chat bot
आपका साथी