गठबंधन का इंतजार करते-करते कांग्रेस ने शुरू की तैयारी, इलाके के सांसदों के खिलाफ होगा प्रदर्शन
आप के साथ गठबंधन हो या न हो प्रदेश कांग्रेस ने भी अब अपनी तैयारी शुरू कर दी है। कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए तैयारी शुरू कर दी।
नई दिल्ली, जेएनएन। आप के साथ गठबंधन हो या न हो, प्रदेश कांग्रेस ने भी अब अपनी तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा और आम आदमी पार्टी की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने के लिए बाकायदा अभियान शुरू करने की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष शीला दीक्षित की अगुवाई में लोकसभा चुनावों के प्रचार की तैयारियों को लेकर उत्तरी दिल्ली नगर निगम की पांच जिला कांग्रेस कमेटियों आदर्श नगर, चांदनी चौक, रोहिणी, किराड़ी और करोल बाग की बैठक हुई।
बैठक में पार्टी ने भाजपा और आप के खिलाफ अभियान चलाने का फैसला किया। यह अभियान कार्यकारी अध्यक्ष राजेश लिलोठिया के नेतृत्व में चलाया जाएगा। लिलोठिया ने कहा कि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के हर जिले में रविवार को इलाके के सांसद के खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सांसदों ने पांच साल में विकास का कोई काम नहीं किया।
उनके कार्यकाल का लेखा जोखा मांगा जाएगा। उनके खिलाफ धोखाधड़ी और वादा-खिलाफी की लिखित शिकायत पुलिस में देकर कानूनी कार्यवाही की मांग की जाएगी। उन्होंने बताया कि 4 से 11 अप्रैल तक 'संविधान बचाओ' कार्यक्रम के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के दलित और अल्पसंख्यक बहुल क्षेत्रों में जनसंवाद कार्यक्रम किया जाएगा।
हर बूथ पर कम से कम 20 वरिष्ठ कांग्रेसजनों को सम्मानित किया जाएगा। इनमें छोटे कारोबारी, पानवाले, मजदूर, किराना व्यापारी होंगे। यह कार्यक्रम 20 अप्रैल तक पूरा होगा। 3 अप्रैल को विधानसभा स्तर पर क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ प्रदर्शन होगा। 5 अप्रैल को आप और भाजपा के क्षेत्रीय निगम पार्षदों के घर और कार्यालयों के पास पुतला जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।