पीएम मोदी के टीका उत्सव को लेकर दिल्लीवालों ने दिखाया जोश, एक दिन में एक लाख लोगों ने कराया टीकाकरण

आमजन का टीकाकरण शुरू होने पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू होने के बाद महिलाएं काफी संख्या में टीकाकरण केंद्र पहुंच रही हैं। इससे अब तक टीका लेने वालों में 41.58 फीसद महिलाएं हैं।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 11 Apr 2021 05:51 PM (IST) Updated:Sun, 11 Apr 2021 05:51 PM (IST)
पीएम मोदी के टीका उत्सव को लेकर दिल्लीवालों ने दिखाया जोश, एक दिन में एक लाख लोगों ने कराया टीकाकरण
दिल्ली में कोरोना वायरस वैक्सीन लेने के लिए खड़े लोग। फोटो- संजय।

नई दिल्ली, एएनआइ। देश में कोरोना की रफ्तार को रोकने के लिए पीएम मोदी की खास अपील टीका उत्सव को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। दिल्ली वाले बढ़ चढ़ कर टीका केंद्र पर पहुंच कर कोरोना का टीका लगवा रहे हैं। इसी का नतीजा है कि दिल्ली में पहली बार एक लाख लोगों ने टीकाकरण करावाया।

पहली बार टीकाकरण एक लाख के पार

वहीं, राजधानी में टीकाकरण की रफ्तार बढ़ गई है। पहली बार एक दिन में एक लाख से अधिक लोगों को टीका लगा। शनिवार को कुल एक लाख चार हजार 527 लोगों ने टीका लगवाया। इसमें पहली डोज टीका लेने वालों की संख्या अधिक रही। इससे पहले आठ अप्रैल को 92,297 लोगों को टीका लगा था। इसलिए टीकाकरण की रफ्तार बढ़ी है। हालांकि, अभी तक दिल्ली की करीब साढ़े आठ फीसद आबादी को ही टीके की पहली डोज लग पाई है। दोनों डोज टीका लगवाने वालों की संख्या अभी बहुत कम है।

दोनों डोज टीका लगवाने वालों की संख्या अभी बहुत कम

दिल्ली में शनिवार देर रात तक कुल 20 लाख 62 हजार 563 टीकाकरण हुआ है। इसके तहत 17 लाख पांच हजार 232 लोगों को टीके की पहली डोज दी गई है। वहीं तीन लाख 57 हजार 331 लोगों ने टीके की दूसरी डोज ली है। दिल्ली में बुजुर्गों व 45 साल से अधिक उम्र के लोगों की आबादी करीब 65 लाख है। जिसमें से करीब 21 लाख बुजुर्ग हैं।

महिलाओं में भी उत्साह

आमजन का टीकाकरण शुरू होने पर महिलाओं की भागीदारी तेजी से बढ़ रही है। 45 साल से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण शुरू होने के बाद महिलाएं काफी संख्या में टीकाकरण केंद्र पहुंच रही हैं। इससे अब तक टीका लेने वालों में 41.58 फीसद (सात लाख नौ हजार 39) महिलाएं हैं। वहीं अब तक नौ लाख 95 हजार 896 पुरुषों ने टीका लिया है।

chat bot
आपका साथी