चिड़ियाघर में सात साल के शेर की मौत, एक दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट आई थी नेगेटिव

एक महीने से शेर बीमार चल रहा था जिसका परिसर में स्थित अस्पताल में ही उपचार चल रहा था। मृतक शेर की शनिवार शाम को ही कोरोना रिपोर्ट भी नेगेटिव आई थी। हालांकि शेर की मौत के बाद प्रबंधन उनका बिसरा जांच के लिए भेजा है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Mon, 10 May 2021 06:45 AM (IST) Updated:Mon, 10 May 2021 09:10 AM (IST)
चिड़ियाघर में सात साल के शेर की मौत, एक दिन पहले ही कोरोना रिपोर्ट आई थी नेगेटिव
चिड़ियाघर के अस्पताल में चल रहा था उपचार। फाइल फोटो।

नई दिल्ली, राहुल सिंह। राजधानी के चिड़ियाघर में रविवार दोपहर को सात वर्षीय शेर की मौत हो गई है। एक महीने से शेर बीमार चल रहा था, जिसका परिसर में स्थित अस्पताल में ही उपचार चल रहा था। मृतक शेर की शनिवार शाम को ही कोरोना रिपोर्ट भी नेगेटिव आई थी। हालांकि शेर की मौत के बाद प्रबंधन उनका बिसरा जांच के लिए भेजा है।

करीब एक महीने से तबियत सही नहीं चल थी

चिड़ियाघर के निदेशक रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि मृतक शेर का नाम अमन था, जिसकी करीब एक महीने से तबियत सही नहीं चल थी। तबियत सही नहीं होने के कारण उसका उपचार चिड़ियाघर के डॉक्टरों की टीम कर रही थी। 13 अप्रैल से अमन अस्पताल में भर्ती थी, जिसके शरीर के अंदरुनी हिस्सों ने काम करना भी बंद कर दिया था। इसकी वजह से वह शारीरिक रूप से बहुत कमजोर हो गया था।

शनिवार को जांच रिपोर्ट निगेटिव मिली थी

वहीं, देश में कई जगह शेर में कोरोना संक्रमण की खबरें आने के बाद दिल्ली चिड़ियाघर से भी अमन का आरटीपीसीआर सैंपल भी कोरोना जांच के लिए उत्तर प्रदेश के बरेली स्थित आइवीआरआइ को भेजी गई थी, जहां से शनिवार को अमन समेत अन्य जांच के सभी सैंपल निगेटिव आए थे।

चंडीगढ़ से एक साल की उम्र में आया था दिल्ली

उन्होंने बताया कि अमन का जन्म जून 2014 को चंडीगढ़ के छतबीर चिड़ियाघर में हुआ था, जहां से उसे एक साल बाद जून 2015 को दिल्ली चिड़ियाघर लाया गया था। उन्होंने बताया कि एक महीने पहले तक अमन अपने बाड़े में खूब मस्ती करता रहता था। गर्मी शुरू होते ही वह तालाब में जाकर बैठता था। वहीं, अमन की मौत पर चिड़ियाघर के सभी कर्मचारियों और अधिकारियों ने दुख प्रकट किया। अधिकारियों का कहना है कि अब चिड़ियाघर में केवल दो शेर रह गए हैं।

chat bot
आपका साथी