Delhi Weather Forecast: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ हो रही बारिश

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि अब लगभग एक सप्ताह तक धूप खिली रहेगी और बारिश की भी कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। 11 या 12 जून के आसपास मौसम फिर करवट लेगा।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Fri, 04 Jun 2021 06:05 AM (IST) Updated:Fri, 04 Jun 2021 05:41 PM (IST)
Delhi Weather Forecast: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, तेज आंधी के साथ हो रही बारिश
तपती गर्मी से राहत मिलने के नहीं आसार

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। दिल्ली-एनसीआर के लगभग सभी इलाकों का मौसम पूरी तरह शुक्रवार की शाम को बदल गया। यहां तेज आंधी के साथ कुछ इलाकों में बारिश हो रही है। वहीं इससे पहले यह अनुमान जताया गया था कि मौसमी उतार चढ़ाव के बीच अगले एक सप्ताह तक दिल्ली वासियों को तपती गर्मी से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं। शुक्रवार से सूरज के कड़े तेवर देखने को मिलेंगे तो पारा भी 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। हालांकि बीच बीच में सूरज और बादलों की लुका छिपी भी देखने को मिलेगी, लेकिन इससे कोई खास राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग के मुताबिक बृहस्पतिवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 38.2 जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 24.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 39 से 74 फीसदी रहा। दिल्ली का नजफगढ़ इलाका 40.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा। इसके अलावा पालम में 38 और मयूर विहार में 37 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक शनिवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 39 व 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि अब लगभग एक सप्ताह तक धूप खिली रहेगी और बारिश की भी कोई संभावना नहीं है। इस दौरान अधिकतम तापमान में वृद्धि होगी। 11 या 12 जून के आसपास मौसम फिर करवट लेगा।

दूसरी तरफ वायु गुणवत्ता की बात करें तो शुक्रवार को दिल्ली की हवा 159 एयर इंडेक्स के साथ मध्यम श्रेणी में दर्ज की गई। फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 131, गाजियाबाद का 199, ग्रेटर नोएडा का 126, गुरुग्राम का 97 व नोएडा का 122 रहा। अगले दो दिनों में धूल भरी आंधी चलने से वायु गुणवत्ता का स्तर आंशिक स्तर पर बिगड़ सकता है।

chat bot
आपका साथी