Delhi Weather Update: दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने से बढ़ी कंपकपी, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत

Delhi Weather Update तापमान में गिरावट के साथ दिल्ली को कोहरे की चादर ने लपेट लिया है। रविवार सुबह को बहुत घना कोहरा रहा। वहीं दृश्यता 50 मीटर तक रही। मौसम विभाग की मानें तो सोमवार से ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 07:53 AM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 11:48 AM (IST)
Delhi Weather Update: दिल्ली में ठंडी हवाएं चलने से बढ़ी कंपकपी, IMD ने बताया कब मिलेगी राहत
रविवार सुबह को बहुत घना कोहरा रहा।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। मकर संक्राति के बाद राजधानी दिल्ली में ठंड और बढ़ गई है। तापमान में गिरावट के साथ दिल्ली को कोहरे की चादर ने लपेट लिया है। रविवार सुबह को बहुत घना कोहरा रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया दिल्ली में रविवार को न्यूनतम तापमान गिरकर 5.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, लेकिन हवा के रुख में बदलाव के कारण अगले दो दिनों में इसके बढ़ने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि दिल्ली में तेज हवाएं चल रही हैं जो उत्तर-पश्चिमी हवाओं की तरह ठंडी नहीं हैं, जो बर्फ से ढकी पश्चिमी हिमालय से आ रही हैं।

मौसम विभाग की मानें तो सोमवार से ठंड से थोड़ी राहत मिलनी शुरू होगी। दिन के तापमान में बढ़ोतरी होगी। शनिवार को न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि अधिकतम तापमान 19.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 

घने कोहरे ने वाहनों की रफ्तार पर लगाया ब्रेक

घने कोहरे से सुबह शहर में वाहनों की रफ्तार पर ब्रेक लग गया। नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, फिल्म सिटी मार्ग, एलिवेटेड सड़क सहित कई जगह वाहनों की रफ्तार धीमी रही। दिल्ली में प्रवेश के लिए सभी वाणिज्यिक वाहनों पर रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन डिवाइस (आरएफआइडी) टैग अनिवार्य होने से नोएडा-दिल्ली बार्डर कालिंदी कुंज व डीएनडी फ्लाई-वे पर जाम रहा। शनिवार को न्यूनतम ²श्यता 20 मीटर से कम रहने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे, फिल्म सिटी मार्ग, एलिवेटेड रोड पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। सड़क हादसे से बचने के लिए सुबह व्यस्त समय में चालकों ने वाहन की रफ्तार काफी धीमी रखी।

कोहरे के कारण उड़ानों का संचालन हुआ प्रभावित

वहीं, शनिवार को आइजीआइ एयरपोर्ट कोहरे की वजह से दृश्यता कम रही जिसकी वजह से 20 उड़ानें रद करनी पड़ीं और 150 का संचालन देरी से हुआ। एयरपोर्ट अधिकारी ने बताया कि ज्यादातर उड़ानें खराब मौसम के कारण प्रभावित हुईं। आइजीआइ एयरपोर्ट के मौसम विभाग के केंद्र की तरफ से बताया गया कि शुक्रवार रात से ही एयरपोर्ट पर घना कोहरा छाने लगा था।

रनवे पर दृश्यता का स्तर 100 से 150 मीटर तक बना हुआ था। इसके अलावा शनिवार सुबह आठ से 9:30 बजे तक भी घना कोहरा था जिसकी वजह से उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। सबसे ज्यादा असर रांची, लेह, श्रीनगर, जम्मू, अमृतसर, जयपुर, चंडीगढ़, अहमदाबाद और कोलकाता आने-जाने वाली उड़ानों पर पड़ा। 10 बजे के बाद धूप खिलने पर उड़ानों का दोबारा से सामान्य संचालन शुरू किया गया।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी