तिलकनगर में नेहरू युवा केंद्र की श्रमदान रैली, वालेंटियर्स ने 700 किलो प्लास्टिक एकत्रित कर लोगों को किया जागरूक
पश्चिमी जिला प्रशासन तिलक नगर स्थित चौखंडी में नेहरू युवा केंद्र के वालेंटियर्स के साथ मिलकर श्रमदान रैली व स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस मुहिम में हिस्सा लिया और इस दौरान 700 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित किया गया।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। स्वच्छता अभियान के तहत बुधवार को पश्चिमी जिला प्रशासन तिलक नगर स्थित चौखंडी में नेहरू युवा केंद्र के वालेंटियर्स के साथ मिलकर श्रमदान रैली व स्वच्छता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस मुहिम में हिस्सा लिया और इस दौरान 700 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्रित किया गया। ज्ञात हो कि युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के निर्देश पर प्रत्येक जिले में एक से 31 अक्टूबर तक स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इस अभियान के तहत प्रत्येक जिले को नेहरू युवा केंद्र के साथ मिलकर 11 हजार किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे का संग्रहण तथा निस्तारण सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान लोगों को जिले को साफ रखने की शपथ दिलाई गई। जिला उपायुक्त कृति गर्ग ने कहा कि हम लक्ष्य के अब नजदीक है। स्थानीय लोगों का अभियान में सहयोग मिला है। पर यह सहयोग अभियान तक ही सीमित न रहे, लोग कूड़ा प्रबंधन व सिंगल यूज प्लास्टिक का बहिष्कार की आदत को निजी जीवन में अपनाएं और दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करें, क्योंकि बदलाव की शुरुआत हमसे होगी। वहीं, पंजाबी बाग में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम की ओर से भारत दर्शन पार्क का निर्माण किया जा रहा है।
आठ एकड़ में फैले इस पार्क में देश की ऐतिहासिक इमारतों की प्रतिकृतियां बनाई गई हैं। इसे आकर्षक रूप देने के लिए लाइट एंड साउंड की भी व्यवस्था की गई है। अब पार्क का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। उम्मीद है कि इस महीने के अंत तक इसका कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद पार्क को जनता को समर्पित किया जाएगा। यह जानकारी पश्चिमी जोन की चेयरमैन श्वेता सैनी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि इसके अलावा डेंगू व मलेरिया के बढ़ रहे मामले को देखते हुए इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है। हर वार्ड में फागिंग के साथ ही जागरूकता पर जोर दिया जा रहा है। निगम स्वास्थ्य विभाग की टीम हर वार्ड में जाकर बैनर व पोस्टर के माध्यम से लोगों को जागरूक कर रही है। प्लास्टिक का इस्तेेेेमाल नहीं करने के लिए लोगों से अपील की जा रही है।