दिल्ली के स्कूलों में मनाया आनलाइन बाल दिवस, पढ़िए बच्चों ने कौन-कौनसी पोशाक में दिखाई प्रतिभा

दयालपुर स्थित प्रतिभा दर्पण बाल विद्यालय में खूब धूमधाम से बाल दिवस मनाया गया। नन्हे नन्हे बच्चे जवाहरलाल नेहरू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी परी विधायक सिपाही फौजी खरगोश शहीद भगत सिंह आदि की वेशभूषा पहने स्कूल पहुंचे।कुछ स्कूलों ने आनलाइन बाल दिवस भी मनाया।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sat, 13 Nov 2021 05:07 PM (IST) Updated:Sat, 13 Nov 2021 05:07 PM (IST)
दिल्ली के स्कूलों में मनाया आनलाइन बाल दिवस, पढ़िए बच्चों ने कौन-कौनसी पोशाक में दिखाई प्रतिभा
पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है।

नई दिल्ली [रितु राणा]। यमुनापार के स्कूलों में बाल दिवस के उपलक्ष्य में हर्षोल्लास के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। स्कूलों में फैंसी ड्रेस, नृत्य, गायन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में छात्र व छात्राओं ने खूब उत्साह से भाग लिया। कुछ स्कूलों ने आनलाइन बाल दिवस भी मनाया।

शनिवार को दयालपुर स्थित प्रतिभा दर्पण बाल विद्यालय में खूब धूमधाम से बाल दिवस मनाया गया। नन्हे नन्हे बच्चे जवाहरलाल नेहरू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, परी, विधायक, सिपाही, फौजी, खरगोश, शहीद भगत सिंह आदि की वेशभूषा पहने स्कूल पहुंचे। इस अवसर पर नर्सरी से पांचवी कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस व ग्रुप क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता से हुई, जिसमें सुंदर सुंदर वेशभूषा में रैंप वाक करते हुए बच्चों ने जय हिंद के नारे लगाकर दर्शकों का दिल जीता। इस अवसर पर स्कूल की प्रधानाचार्या संगम शर्मा ने विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्हें बच्चों से बहुत प्रेम था, इसलिए बच्चे उन्हें चाचा नेहरू कहते थे।

कार्यक्रम के अंत में फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के विजेता फौजी बने छात्र रूद्र, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बने तनिष्क व विधायक और उनके बाडी गार्ड बने जैतिक व वीर को पुरस्कृत किया गया। साथ ही क्वीज प्रतियोगिता के विजेता उत्कर्ष, कनक, रिया, प्रणव तनिष्क, रूद्र सहित सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार भेंट किए गए। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सादतपुर भाजपा मंडल महिला मोर्चा की अध्यक्ष लक्ष्मी नेगी, समाजसेवी संजना वशिष्ठ सहित शिक्षिका नेहा राघव, पिंकी शर्मा व यामिनी नेगी भी शामिल रही।

आभासी मंच पर मनाया बाल दिवस: श्रेष्ठ विहार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल के नर्सरी विभाग ने आभासी मंच पर बाल दिवस मनाया। शिक्षिकाओं ने फैंसी मास्क व वेशभूषा पहने विद्यार्थियों का मनोरंजन किया। इस दौरान बच्चों को पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन से परिचित कराया, इसके बाद प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों ने कविता, श्लोक उच्चारण, सरस्वती वंदना, गायन, नृत्य, मिमिक्री, योगासन , क्राफ्ट आदि गतिविधियों से खूब रंग जमाया।

इस मौके पर प्रधानाचार्या सुहासिनी के नाथ ने कहा कि अपनी संस्कृति व परंपरा को अपनाते हुए जीवन में आगे बढ़ें, पर्यावरण की रक्षा व माता पिता की सेवा करें। उधर, मंडावली स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय नंबर एक में पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन से प्रेरक प्रसंग सुनाकर छात्राओं को नैतिक सीख प्रदान की गई।

छात्राओं के लिए विभिन्न खेल व नृत्य कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ। इस दौरान प्रधानाचार्या अनीता जयंत, नेहा रस्तोगी ,संगीता यादव ,ज्योति ,स्वाति गर्ग, नेहा शर्मा, भारती, दिलप्रीत व अंजलि अग्रवाल भी मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी