दिल्ली में हर चौथा सैंपल पाया जा रहा कोरोना पॉजिटिव, 70 हजार के करीब पहुंचे एक्टिव केस

दिल्ली में अब तक एक करोड़ 61 लाख 42 हजार 390 सैंपल की जांच हुई है। जिसमें से 99230 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 24.56 फीसद सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इस लिहाज से हर 100 सैंपल में से 25 लोग संक्रमित हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 08:08 AM (IST) Updated:Sun, 18 Apr 2021 08:11 AM (IST)
दिल्ली में हर चौथा सैंपल पाया जा रहा कोरोना पॉजिटिव, 70 हजार के करीब पहुंचे एक्टिव केस
24 घंटे में 99,230 सैंपल की जांच

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। राजधानी में कोरोना संक्रमण के मामले पहली बार 24 हजार के पार पहुंच गए हैं। स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि हर चौथा सैंपल पॉजिटिव मिल रहा है। शनिवार को संक्रमण के 24,375 नए मामले आए। एक दिन पहले यह संख्या 19,486 थी। इस तरह दिल्ली में सक्रिय मरीजों की तादाद 70 हजार के करीब पहुंच गई है। मरीजों के बढ़ने से अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड की कमी पड़ गई है। अस्पतालों में मरीजों को बेड नहीं मिल पा रहे हैं। दवाओं की कालाबाजारी होने लगी है।

पिछले 24 घंटे में 15,414 मरीज ठीक भी हुए हैं लेकिन स्थिति की गंभीरता का अंदाजा इससे लगाया जा सकता है कि पहली बार एक दिन में 167 मरीजों की मौत हुई। एक दिन पहले 141 मरीजों की जान गई थी।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार दिल्ली में अब तक कुल आठ लाख 27 हजार 998 मामले आ चुके हैं। जिसमें से सात लाख 46 हजार 239 मरीज ठीक हो चुके हैं। इससे मरीजों के ठीक होने की दर 90.12 फीसद हो गई है। वहीं मृतकों की संख्या 11,960 पहुंच गई है। 725 मरीजों की मौत पिछले एक सप्ताह में हुई है। फिर भी मृत्यु दर 1.47 फीसद से घटकर 1.44 फीसद हो गई है। मौजूदा समय में 69,799 सक्रिय मरीज हैं। जिसमें से 12,699 मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। जबकि कोविड केयर सेंटर में 491 और कोविड हेल्थ सेंटर में 78 मरीज भर्ती हैं। इसके अलावा होम आइसोलेशन में रहकर इलाज कराने वाले मरीजों की संख्या 32,156 हो गई है।

24 घंटे में 99,230 सैंपल की जांच

दिल्ली में अब तक एक करोड़ 61 लाख 42 हजार 390 सैंपल की जांच हुई है। जिसमें से 99,230 सैंपल की जांच पिछले 24 घंटे में हुई है। जिसमें से 24.56 फीसद सैंपल पॉजिटिव पाए गए हैं। इस लिहाज से हर 100 लोगों के सैंपल में से 24 से 25 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। इस वजह से कंटेनमेंट जोन भी बढ़ते जा रहे हैं। मौजूदा समय में 11,235 कंटेनमेंट जोन हैं।

एक सप्ताह में कोरोना के आंकड़े

तरीख      केस        मौत

17 अप्रैल- 24,375    167

16 अप्रैल-19,486     141

15 अप्रैल 16,699      112

14 अप्रैल 17,282      104

13 अप्रैल 13,468        81

12 अप्रैल 11,491       72

11 अप्रैल 10,774       48

chat bot
आपका साथी