Delhi Politics News: समाज संवाद अभियान से भाजपा बताएगी मोदी सरकार की उपलब्धियां, प्रेसवार्ता में दी 11 हजार बैठकें करने की जानकारी

पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा शनिवार से समाज संवाद अभियान की शुरुआत करेगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती यानी 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत पूरी दिल्ली में बैठकें होंंगी।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Fri, 24 Sep 2021 06:25 PM (IST) Updated:Fri, 24 Sep 2021 06:25 PM (IST)
Delhi Politics News:  समाज संवाद अभियान से भाजपा बताएगी मोदी सरकार की उपलब्धियां, प्रेसवार्ता में दी 11 हजार बैठकें करने की जानकारी
प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर।

नई दिल्‍ली [संतोष कुमार सिंह ]। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर भाजपा शनिवार से समाज संवाद अभियान की शुरुआत करेगी। सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती यानी 31 अक्टूबर तक चलने वाले इस अभियान के तहत पूरी दिल्ली में भाजपा की ओर से 11 हजार से ज्यादा बैठकें आयोजित कर लोगों को नरेन्द्र मोदी सरकार की उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।

प्रेस वार्ता में दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि अभियान में भाजपा के सभी मोर्चे व प्रकोष्ठ शामिल होंगे। इस अभियान को सफल बनाने के लिए सात सौ नेताओं व कार्यकर्ताओं की टीम बनाई गई है। उत्तराखंड, पूर्वांचल, दक्षिण भारत सहित अन्य राज्यों के लोग दिल्ली में रहते हैं। इन लोगों के बीच उनके राज्य से जुड़े नेता जाकर बैठक करेंगे। बैठक में कोरोना से बचाव के लिए जारी दिशा निर्देश का पालन किया जाएगा। बैठक में लोगों को भाजपा की नीतियां, मोदी सरकार की उपलब्धियां, नीतियां और मुफ्त टीकाकरण, गरीबों को मुफ्त राशन, जनधन योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।

सिख प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता सिखों के बीच जाकर मोदी सरकार द्वारा उनके लिए उठाए गए कदमों के बारे में बताएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले सात सालों में मोदी सरकार ने दिल्ली व देश के विकास और लोगों की समस्याएं हल करने के लिए कई कदम उठाए हैं। वहीं, दिल्ली सरकार प्रत्येक मोर्चे पर विफल रही है। केंद्र से भेजा गया मुफ्त राशन गरीबों को नहीं दिया गया। बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कुछ नहीं किया गया। बेरोजगारों को बेरोजगारी भत्ता नहीं दिया गया। दिल्ली सरकार की विफलता व भ्रष्टाचार के बारे में भी लोगों को बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता कोरोना संकट के दौर में जरूरतमंदों की सेवा में लगे हुए थे। टीकाकरण अभियान सफल बनाने में भी अपना योगदान दिया। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री हर्ष मल्होत्रा मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी