दिल्ली पुलिस ने खोल दी पाकिस्तान की पोल, बताया कैसे किसान आंदोलन में हिंसा भड़काने की रच रहा साजिश
दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद किसानों द्वारा प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड निकाले जाने के दौरान पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान गड़बड़ी फैलाने की साजिश रच रहा है। किसानों के परेड में हिसा भड़काने के लिए पाकिस्तान 308 टि्वटर हैंडल बना चुका है।
नई दिल्ली [राकेश कुमार सिंह]। दिल्ली में गणतंत्र दिवस समारोह के बाद किसानों द्वारा प्रस्तावित ट्रैक्टर परेड निकाले जाने के दौरान पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान गड़बड़ी फैलाने की साजिश रच रहा है। किसानों के परेड में हिसा भड़काने के लिए पाकिस्तान 308 टि्वटर हैंडल बना चुका है। उक्त सभी ट्विटर हैंडल 13 से 18 जनवरी के बीच महज पांच दिनों के अंतराल में बनाए गए। पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन परेड पर नजर बनाए हुए हैं।विशेष आयुक्त इंटेलीजेंस दीपेंद्र पाठक ने रविवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में यह चौकानें वाली जानकारी दी।
दीपेंद्र पाठक ने कहा कि पाकिस्तान के इस नापाक इरादे की जानकारी मिलते ही तमाम सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह के बाद ट्रैक्टर परेड को शांति पूर्वक संपन्न करना पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण कार्य होगा। पिछले साल नवंबर के बाद से पंजाब और हरियाणा के किसान सिंघू, टीकरी और गाजीपुर सहित अन्य सीमाओं पर नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।
पुलिस द्वारा किसान नेताओं को राष्ट्रीय राजधानी के बाहर अपनी ट्रैक्टर परेड आयोजित करने के लिए मनाने की कोशिश की, वे दिल्ली के व्यस्त आउटर रिंग रोड पर परेड निकाली की मांग कर रहे थे। पहले दिल्ली, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के यूनियनों और पुलिस अधिकारियों के बीच तीन दौर की बैठकें हुई। बीते शुक्रवार को ट्रैक्टर परेड को लेकर चौथे दौर की बातचीत के बाद सहमति बन पाई। उन्होंने कहा कि परेड के लिए तीनों बार्डर पर दिल्ली के अंदर 100 किलोमीटर से ज्यादा का रूट रहेगा। किसानों को गणतंत्र दिवस समारोह समाप्त होने के बाद ट्रैक्टर परेड निकालने को कहा गया है। एक हजार ट्रैक्टर गाजीपुर सीमा पर आ चुके हैं। सिंघु बार्डर पर पांच हजार व टीकरी बार्डर पर आठ हजार ट्रैक्टर आ चुके हैं।
इनपुट के मुताबिक ट्रैक्टर परेड में माहौल खराब करने की भी आशंका है। इसलिए दिल्ली पुलिस सीमाओं पर पर्याप्त बल के साथ मुस्तैद है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि परेड के दौरान किसानों के वालंटियर भी रहे क्योंकि यह बड़ा आयोजन होगा। इसलिए सभी चीजों को ध्यान में रखना जरूरी है।
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो