झगड़े में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने दोस्‍त को दी सर्विस पिस्टल, गोली चलने से एक घायल

दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने झगड़े के दौरान अपनी सर्विस पिस्टल अपने साथी को दी जिसने एक युवक पर गोली चला दी। जब एक अन्य युवक ने कांस्टेबल व उसके साथी का विरोध किया तो उसने उसके उपर पर पिस्टल तान दी और पिटाई कर दी।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sat, 31 Oct 2020 10:44 PM (IST) Updated:Sat, 31 Oct 2020 10:44 PM (IST)
झगड़े में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल ने दोस्‍त को दी सर्विस पिस्टल, गोली चलने से एक घायल
दिल्‍ली पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नई दिल्ली, गौतम मिश्रा। दिल्ली पुलिस के एक कांस्टेबल ने झगड़े के दौरान अपनी सर्विस पिस्टल अपने साथी को दी, जिसने एक युवक पर गोली चला दी। जब एक अन्य युवक ने कांस्टेबल व उसके साथी का विरोध किया तो उसने उसके ऊपर पर पिस्टल तान दी और पिटाई कर दी। आरोपितों के फरार होने के बाद वहां मौजूद युवकों ने गोली लगने से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया।

घायल युवक का अभी अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपित कांस्टेबल सुरेंद्र जहांगीरपुरी थाना में कार्यरत है। पुलिस ने आरोपित कांस्टेबल सुरेंद्र व इसके दोस्त राजेश को गिरफ्तार कर मामले की तहकीकात शुरू कर दी है।

मामले की शिकायत 30 अक्टूबर को दर्ज कराई गई है। शिकायत में राहुल नामक शख्स ने पुलिस को बताया है कि 29 अक्टूबर को वे ए ब्लॉक नजफगढ़ में पार्टी के सिलसिले में आए थे। यहां दिनेश, लक्ष्मण व अन्य युवक मौजूद थे। पार्टी खत्म होने के बाद राहुल व लक्ष्मण मोटरसाइकिल से अपने घर जा रहे थे। वे रास्ते में ही थे कि दिनेश ने इन्हें फोन कर वापस लौटने को कहा। उन्होंने कहा कि यहां झगड़ा हो रहा है। यह सुनकर राहुल व लक्ष्मण मौके पर पहुंचे।

मौके पर इन्होंने एक सफेद रंग की सेंट्रो कार देखी। कार में दो शख्स बैठा था। ये दाेनों शख्स सभी से गाली गलौच कर रहे थे। इसी दौरान लक्ष्मण भंडारी ने कार की चाबी निकालने की कोशिश जैसे ही की, अंदर मौजूद शख्स ने लक्ष्मण को पीटना शुरू कर दिया।

इस दौरान कार में मौजूद दूसरा शख्स बाहर निकला और उसने लक्ष्मण पर गोली चला दी। बात यहीं नहीं रुकी, उस शख्स ने राहुल के उपर भी पिस्टल तान दी और उसे पीटना शुरू कर दिया। उसने राहुल को जान से मारने की धमकी भी दी। इसके बाद दाेनों कार सवार माैके से फरार हो गए। इनके जाने के बाद लक्ष्मण को वहां मौजूद युवकों ने अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों के फुटेज व तकनीकी छानबीन के आधार पर आरोपितों के बारे में पता किया तो सुरेंद्र व राजेश की पहचान हुई। प्रारंभिक छानबीन में पता चला कि सुरेंद्र ने झगड़े के दौरान सर्विस पिस्टल राजेश को दी थी। यह पता किया जा रहा है कि आखिर सुरेंद्र ने सर्विस पिस्टल थाने के मालखाने में जमा न कर अपने पास क्यों रखा था।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी