दिल्ली में पराली जलाए जाने का सिलसिला जारी, दो गांव के खेतों में जली पराली

बवाना विधानसभा क्षेत्र के बाजितपुर गांव में जहां दिन के समय पराली जलाई गई वहीं नरेला विधानसभा क्षेत्र के घोगा गाव में शाम के समय पराली में आग लगाई गई। इसी घोगा गांव में बीते सप्ताह भी पराली जलाई गई थी।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 07:10 AM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 07:39 AM (IST)
दिल्ली में पराली जलाए जाने का सिलसिला जारी, दो गांव के खेतों में जली  पराली
बाजितपुर व घोगा गांव में जलाई पराली। प्रतीकात्मक तस्वीर।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। राजधानी दिल्ली में पराली जलाने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को फिर दिल्ली देहात के दो गांवों के खेतों में पराली जलाई गई। बवाना विधानसभा क्षेत्र के बाजितपुर गांव में जहां दिन के समय पराली जलाई गई, वहीं नरेला विधानसभा क्षेत्र के घोगा गाव में शाम के समय पराली में आग लगाई गई। इसी घोगा गांव में बीते सप्ताह भी पराली जलाई गई थी।

हालांकि पराली जलाने के सुबूत अगले ही दिन खेत की जुताई कर मिटा दिए गए थे। जानकारी के अनुसार बाजितपुर गांव में पराली को अलग-अलग जगह पहले इकट्ठा किया गया व फिर आग लगाई गई। वहीं घोगा गांव में एक एकड़ जमीन पर पराली जलाई गई। गाव के लोगों की माने तो यहां पर शुक्रवार शाम को करीब पांच बजे पराली जलाई गई। यह पराली घोगा- कत्लूपुर रोड स्थित खेत में जलाई गई थी।

इससे आसपास धुआं ही धुआं हो गया। आसपास से गुजरने वाले वाहन चालकों को भी काफी परेशानी हुई। उन्हें पता ही नहीं चल रहा था कि रास्ता कहां से है। उधर बाजितपुर गांव में कटेवड़ा रोड़ पर पराली जलाई गई। यहां पर पराली की मात्रा कम थी जिस वजह से लोगों को इसके धुएं से ज्यादा परेशानी नहीं हुई। इस मामले में जब संबंधित अधिकारी से पक्ष जानने की कोशिश की गई तो उनसे संपर्क नहीं हो पाया।

chat bot
आपका साथी