दिल्ली के नंदनगरी में मजाक करने पर दोस्त ने युवक को चाकू घोंपा, हालत गंभीर
नंद नगरी इलाके में दोस्त के साथ मजाक करना एक युवक को भारी पड़ गया। दोस्त ने युवक को चाकू घोंपा और मौके से फरार हो गया। घायल हालत में अजीम को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। नंद नगरी इलाके में दोस्त के साथ मजाक करना एक युवक को भारी पड़ गया। दोस्त ने युवक को चाकू घोंपा और मौके से फरार हो गया। घायल हालत में अजीम को जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित के बयान पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार अजीम अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी में रहते हैं। वह जींस की सिलाई का काम करते हैं। वह अपने दोस्त जावेद के साथ घर जा रहे थे।
घर के पास पहुंचने पर वह जावेद से मजाक करने लगे, मजाक करने से जावेद भड़क गया और जेब से चाकू निकाल कर आजीम की जांघ में घोंप दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गया। पुलिस को जांच में पता चला पिछले महीने भी अजीम पर जानलेवा हमला हुआ था। नंद नगरी में रहने वाले रमजान व उस्मान ने हमला किया था। इस मामले में पुलिस ने रमजान को गिरफ्तार किया था। वहीं, द्वारका साउथ थाना क्षेत्र में टैक्सी व 764 नंबर की क्लस्टर बस के बीच हुई टक्कर के बाद बस चालक व कंडक्टर पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों की संख्या पांच से छह बताई जा रही है। घायल आजाद सिंह व संजय को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। टक्कर में टैक्सी का शीशा टूट गया था।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार सुबह मधु विहार बस स्टैंड पर टैक्सी व बस में टक्कर के बाद दोनों में आपस में झगड़ा हुआ था। इसके बाद दोपहर को नजफगढ़ से नेहरु प्लेस जा रही बस मधु विहार बस स्टैंड पर फिर से पहुंची। वहां पर टैक्सी का चालक अपने अन्य साथी के साथ पहले से ही खड़ा था। टैक्सी चालक व उसके साथी ने कंडक्टर आजाद पर चाकू से वार करना शुरू कर दिया। बीच-बचाव में बस चालक संजय आया तो उसे भी हमलावरों ने घायल कर दिया। दिनदहाड़े हुई इस घटना का विरोध किसी ने नहीं किया।