नगर निगम के पांच वार्डों के उपचुनाव में 50.86 फीसद हुआ मतदान, कोई कोरोना पीड़ित नहीं पहुंचा वोट डालने

उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दो वार्डों रोहिणी सी व शालीमार बाग उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के त्रिलोकपुरी कल्याणपुरी व चौहान बांगर वार्ड में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दोनों वार्डों के मतदाताओं में उत्साह कम रहा।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:46 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:59 PM (IST)
नगर निगम के पांच वार्डों के उपचुनाव में 50.86 फीसद हुआ मतदान, कोई कोरोना पीड़ित नहीं पहुंचा वोट डालने
कल्याणपुरी में सबसे अधिक 59.19 फीसद व शालीमार बाग उत्तरी में सबसे कम 43.23 फीसद हुआ मतदान।

नई दिल्ली [रणविजय सिंह]। कोरोना के दौर में राष्ट्रीय राजधानी में पहली बार उत्तरी व पूर्वी दिल्ली नगर निगम के पांच वार्डों के लिए रविवार को हुए उपचुनाव में 50.86 फीसद मतदान हुआ। इसके तहत उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दो वार्डों रोहिणी सी व शालीमार बाग उत्तरी और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी व चौहान बांगर वार्ड में मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। उत्तरी दिल्ली नगर निगम के दोनों वार्डों के मतदाताओं में उत्साह कम रहा। इसलिए मतदान 45 फीसद से कम हुआ। जबकि पूर्वी दिल्ली नगर निगम के तीनों वार्डों में 56.92 फीसद मतदान हुआ। इसके साथ ही उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हो गया। तीन मार्च को मतगणना होगा और परिणाम घोषित होगा।

पांचों वार्ड में कुल दो लाख, 42 हजार, 414 मतदाता हैं। इनमें से एक लाख 23 हजार 299 मतदाताओं ने मतदान किया। कल्याणपुरी वार्ड में सबसे अधिक 59.19 फीसद मतदान हुआ। शालीमार बाग उत्तरी वार्ड में सबसे कम 43.23 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिल्ली राज्य चुनाव आयोग के सचिव संदीप मिश्रा ने कहा कि ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण चुनाव में व्यवधान की कोई शिकायत नहीं आई। मतदान शांतिपूर्ण रहा।

मतदान करने नहीं पहुंचे कोरोना संक्रमित मतदाता

मतदान केंद्रों पर कोरोना से पीड़ित मतदाताओं के मतदान करने के लिए भी व्यवस्था की गई थी। कोरोना से पीड़ित 12 मतदाताओं को मतदान करना था। लेकिन, इनमें से कोई मतदान करने नहीं पहुंचा।

तीन वार्डों में मिली थी आप को जीत

वर्ष 2017 में नगर निगम के चुनाव में उत्तरी दिल्ली नगर निगम के तीन वार्ड में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवार विजयी रहे थे, जो बाद में विधायक बन गए। वहीं, उत्तरी दिल्ली के रोहिणी सी वार्ड से बीएसपी के उम्मीदवार जयभगवान विजयी रहे थे। जो बाद में आम आदर्मी पार्टी में शामिल हो गए। दिल्ली विधानसभा चुनाव में वह भी विधायक बन गए। सिर्फ शालीमार बाग उत्तरी वार्ड में भाजपा के उम्मीदवार को जीत मिली थी।

मतदान की स्थिति

उत्तरी नगर निगम- 44.05 फीसद

रोहिणी सी- 44.58 फीसद

शालीमार बाग उत्तरी- 43.23 फीसद

पूर्वी दिल्ली नगर निगम- 56.92 फीसद

त्रिलोकपुरी- 55.95 फीसद

कल्याणपुरी- 59.19 फीसद

चौहान बांगर- 55.6 फीसद

chat bot
आपका साथी