मंत्री पद आते-जाते रहते हैं, सवाल यह है कि हमने समाज के लिए क्या किया: राजेंद्र पाल गौतम

मंत्री ने कहा कि मंत्री पद आते-जाते रहते हैं लेकिन हमारी सफलता का पैमाना यह होना चाहिए कि मंत्री रहते हुए हम समाज के लिए क्या कर पाते हैं। कार्यक्रम में महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्षो से अवगत कराया।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 10:50 AM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 10:50 AM (IST)
मंत्री पद आते-जाते रहते हैं, सवाल यह है कि हमने समाज के लिए क्या किया: राजेंद्र पाल गौतम
दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम

नई दिल्ली, जेएनएन। दिल्ली सरकार के समाज कल्याण मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने शनिवार को अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में महापुरुषों की जयंती मनाई। संयुक्त रूप से आयोजित किए गए इस जयंती कार्यक्रम में संत गुरु रविदास, तिलका मांझी, छत्रपति शिवाजी महाराज, संत गाडगे महाराज और सर छोटूराम को याद किया गया। हालांकि इस कार्यक्रम का आयोजन रविदास जयंती के अवसर पर किया गया था। इस मौके पर उन्होंने महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलने का लोगों को संकल्प दिलवाया।

इस दौरान मंत्री ने कहा कि मंत्री पद आते-जाते रहते हैं, लेकिन हमारी सफलता का पैमाना यह होना चाहिए कि मंत्री रहते हुए हम समाज के लिए क्या कर पाते हैं। कार्यक्रम में महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई और वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्षो से अवगत कराया। कार्यक्रम में मिशन जयभीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष चंद आर्य, राष्ट्रीय महासचिव बीपी निगम, राष्ट्रीय संगठन मंत्री पुष्पांकर देव भी मौजूद थे। जयंती समारोह में दिल्ली-एनसीआर के अंबेडकरवादी समुदाय के अलावा देश के विभिन्न राज्यों से आकर दिल्ली में बसे आदिवासी समुदाय के लोग भी शामिल हुए।

आदिवासी वर्ग को नहीं मिल पाता योजनाओं का लाभ

कार्यक्रम में आदिवासी नेताओं ने चिंता जताते हुए कहा कि राजधानी में अनुसूचित जनजाति आधिकारिक रूप से मौजूद नहीं है, लेकिन देश के कोने कोने से आए आदिवासी दिल्ली में बसे हुए हैं और इस कारण सरकारी योजनाओं का लाभ इन वर्गो को नहीं मिल पाता। मंत्री ने महापुरुषों के बताए रास्ते पर चलने का दिलाया संकल्प संत रविदास की जयंती पर महापुरुषों का योगदान याद किया।

संतों के संदेश के अनुरूप काम कर रहे हैं मोदी: लाल सिंह आर्या

वहीं, एक अन्य कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्या ने कहा कि संत रविदास सहित देश के सभी संतों ने समाज में एकता और समरसता का संदेश दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संतों के संदेश के अनुरूप सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूलमंत्र को अपनाकर काम कर रहे हैं। वह प्रदेश भाजपा कार्यालय में संत रविदास की 644वीं जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।

प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि संत भारतीय समाज को हमेशा से प्रेरित करते रहे हैं। संत रविदास द्वारा भेदभाव और छुआछूत को रोकने के लिए दिखाया गया रास्ता आज भी हमें प्रेरणा देता है। उनका मूलमंत्र कर्म था और उसी के अनुरूप हमें किसी को छोटा या बड़ा उसकी जाति से नहीं कर्म से मानना चाहिए।

chat bot
आपका साथी