खानपुर इलाके में ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने गृह मंत्रालय की महिला अधिकारी का बैग लूटा

खानपुर इलाके में एक वरिष्ठ महिला अधिकारी से ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने बैग लूट लिया। वारदात के दौरान महिला अपने बेटे के साथ फरीदाबाद जा रही थीं। पीड़िता की शिकायत पर संगम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 08:56 PM (IST) Updated:Sun, 17 Oct 2021 08:11 AM (IST)
खानपुर इलाके में ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने गृह मंत्रालय की महिला अधिकारी का बैग लूटा
ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने बैग लूट लिया। प्रतीकात्मक तस्वीर।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। खानपुर इलाके में एक वरिष्ठ महिला अधिकारी से ठक-ठक गैंग के बदमाशों ने बैग लूट लिया। वारदात के दौरान महिला अपने बेटे के साथ फरीदाबाद जा रही थीं। स्कूटी सवार दोनों बदमाशों ने पीड़िता को करीब 200 मीटर तक घसीटा भी जिससे उनके सिर, हाथ और पैरों में चोट आई हैं।

पीड़िता की शिकायत पर संगम विहार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की सहायता से आरोपितों की पहचान करने का प्रयास कर ही है। पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला अधिकारी विदुषी कपूर शर्मा वसंत कुंज में रहती हैं। वह गृह मंत्रालय में तैनात हैं। पुलिस को दी शिकायत में उन्होंने बताया है कि बृहस्पतिवार को वह अपने बेटे के साथ गाड़ी से फरीदाबाद जा रही थीं।

खानपुर के पास एक स्कूटी सवार युवक ने उन्हें इशारा करके बताया कि उनकी गाड़ी से तेल लीक हो रहा है। बत्रा अस्पताल के पास गाड़ी रोककर वह गाड़ी की जांच करने लगीं। तभी एक स्कूटी से पहुंचे दो बदमाश मदद के बहाने उनके पास आए और बैग छीनने लगे। महिला ने बैग नहीं छोड़ा तो आरोपियों ने स्कूटी की रफ्तार बढ़ा दी जिससे महिला स्कूटी के साथ करीब 200 मीटर तक घिसटती चली गई।

महिला के घायल हो जाने पर आरोपित बैग लेकर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची संगम विहार थाना पुलिस टीम ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया और उनके बयान पर मामला दर्ज कर लिया है।

chat bot
आपका साथी