दिल्ली परिवहन निगम को मिलेगा नया मुख्यालय, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी 12 मंजिला इमारत

आइपी एस्टेट स्थित दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के मुख्यालय के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 12 मंजिला इमारत बनेगी। अभी डीटीसी का मुख्यालय 63 साल पुरानी इमारत में चल रहा है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए अनुमति दे दी है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Thu, 21 Oct 2021 10:44 AM (IST) Updated:Thu, 21 Oct 2021 10:47 AM (IST)
दिल्ली परिवहन निगम को मिलेगा नया मुख्यालय, अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी 12 मंजिला इमारत
डीटीसी मुख्यालय में होंगी अत्याधुनिक सुविधाएं file photo

नई दिल्ली [वीके शुक्ला]। आइपी एस्टेट स्थित दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) के मुख्यालय के लिए अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित 12 मंजिला इमारत बनेगी। अभी डीटीसी का मुख्यालय 63 साल पुरानी इमारत में चल रहा है। दिल्ली सरकार ने इसके लिए अनुमति दे दी है। योजना के अनुसार इसे दिल्ली स्टेट इंडस्टियल एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड (डीएसआइआइडीसी) बनाएगा। डीएसआइआइडीसी निर्माण में अपना पैसा भी लगाएगा और इसके एवज में इस मुख्यालय में अपने कार्यालयों के लिए जगह लेगा।

यहां दिल्ली सरकार के अन्य कार्यालय भी स्थानांतरित हो सकेंगे। इसके साथ डिपो को भी अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर जारी किए जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी। आइपी डिपो और मुख्यालय की इमारत का निर्माण 1958 में हुआ था। इसमें 180 बसें खड़ी करने की व्यवस्था है। इमारत पुरानी होने के कारण कई जगह से क्षतिग्रस्त हो गई है। इसलिए डिपो व मुख्यालय की नई इमारत बनाने की योजना है।

पुनर्निर्माण कार्य शुरू करने के लिए डीटीसी मुख्यालय को प्रगति पावर थर्मल पावर स्टेशन परिसर की इमारत में अस्थायी तौर पर स्थानांतरित करने का प्रस्ताव है। निर्माण में पर्यावरण का ध्यान रखा जाएगा। जल, ऊर्जा संरक्षण व जल शोधन की विशेष व्यवस्था होगी। अत्याधुनिक जल शोधन प्लांट लगेगा। इसमें सौर ऊर्जा का भी उपयोग किया जाएगा। जल और ऊर्जा संरक्षण के लिए भी ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे, जिनसे लगभग 35 फीसद ऊर्जा संरक्षित होगी। आइपी डिपो भी बेहतर किया जाएगा। डिपो में बसों की आटोमेटिक सर्विसिंग व अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं होंगी।

तीन वर्ष में तैयार होगी इमारत

योजना के अनुसार मुख्यालय की इमारत तीन वर्ष में बनकर तैयार हो जाएगी। सुरक्षा व जरूरी उपकरणों से सुसज्जित यह इमारत 24,410 वर्ग मीटर में बनेगी। इमारत में तीन बेसमेंट, अग्निरोधक संयंत्र, लिफ्ट के साथ पावर बैकअप के लिए व्यवस्था भी होगी। सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे। 

chat bot
आपका साथी