NEET exam : डा. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय की 51 छात्राओं ने पास की नीट परीक्षा, सम्मानित किया

NEET exam राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) में दिल्ली के सभी निजी व सरकारी स्कूलों में सबसे अधिक उम्मीदवार यमुना विहार सी एक ब्लाक स्थित डा. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय से चुने गए। विद्यालय की 51 छात्राओं ने पहली बार में ही नीट में सफलता प्राप्त की।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Fri, 12 Nov 2021 04:31 PM (IST) Updated:Fri, 12 Nov 2021 04:31 PM (IST)
NEET exam : डा. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय की 51 छात्राओं ने पास की नीट परीक्षा, सम्मानित किया
NEET exam : सभी छात्राओं ने अपनी सफलता के मंत्र भी साझा किए।

नई दिल्ली [रितु राणा]। इस वर्ष राष्ट्रीय पात्रता व प्रवेश परीक्षा (नीट) में दिल्ली के सभी निजी व सरकारी स्कूलों में सबसे अधिक उम्मीदवार यमुना विहार सी एक ब्लाक स्थित डा. संपूर्णानंद सर्वोदय कन्या विद्यालय से चुने गए। विद्यालय की 51 छात्राओं ने पहली बार में ही नीट में सफलता प्राप्त की। बता दें, पिछले वर्ष भी विद्यालय की 40 छात्राएं नीट में सफल हुई थी। इस सफलता को आगे भी बरकरार रखने के लिए बृहस्पतिवार को स्कूल में एक बैठक आयोजित हुई, जिसमें शिक्षिका प्रेरणा चंदेल को नीट समन्वयक के रूप में नियुक्त किया गया। साथ ही छात्राओं को सम्मान दिया गया।

इस दौरान सभी छात्राओं ने अपनी सफलता के मंत्र भी साझा किए। इस मौके पर विद्यालय प्रमुख सीमा वाधवा ने कहा कि जब हम एक दूसरे प्रेरणा लेकर कुछ सीखते हैं तो जरूर सफलता प्राप्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पहले छात्राएं इतनी जागरूक नहीं थी, लेकिन पिछले वर्ष जब 40 छात्राएं नीट में पास हुई, तब उनसे दूसरी छात्राएं भी प्रेरित हुई।

इस वर्ष साइंस में 110 छात्राएं थी, जिसमें 80 ने नीट परीक्षा दी और 51 सफल हुई। यह परिणाम स्कूल के बहुत गर्व की बात है और हर विद्यार्थी के लिए एक बहुत बड़ा उदाहरण है। साथ ही परामर्शदाता शिक्षक संजय प्रकाश शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष छात्राओं के प्रदर्शन को देखते हुए उन्होंने एक वाट्सएप ग्रुप बनाया था, जिसमें नीट पास करने वाली व नीट की तैयारी करने वाली छात्राओं को शामिल किया गया।

उसमें सभी छात्राएं व शिक्षक शिक्षण सामग्री व प्रेरक वीडियो साझा करते हैं। ग्रुप में नीट की तैयारी करने वाली छात्राओं का मार्गदर्शन किया जाता है। जिसके परिणामस्वरूप इस वर्ष भी छात्राओं ने अच्छा प्रदर्शन किया।

chat bot
आपका साथी