Delhi Coronavirus: निगम ने 100 बिस्तर का आइसोलेशन अस्पताल किया तैयार

तिमारपुर के पास स्थिति इस बालकराम अस्पताल में 100 बिस्तर वाला दीनदयाल कोविड आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है । शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने खुद यहां पर की जाने वाली तैयारियों का जायजा लिया।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 16 Apr 2021 04:55 PM (IST) Updated:Fri, 16 Apr 2021 04:55 PM (IST)
Delhi Coronavirus: निगम ने 100 बिस्तर का आइसोलेशन अस्पताल किया तैयार
महापौर ने खुद लिया तैयारियों का जायजा।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। राजधानी में बढ़ते कोरोना के संक्रमण और इलाज के लिए बिस्तरों की कमी को देखते हुए उत्तरी निगम ने अपना 100 बिस्तर वाला अस्पताल तैयार कर लिया है। तिमारपुर के पास स्थिति इस बालकराम अस्पताल में 100 बिस्तर वाला दीनदयाल कोविड आइसोलेशन सेंटर बनाया गया है। शुक्रवार को उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने खुद यहां पर की जाने वाली तैयारियों का जायजा लिया। फिलहाल यहां पर हल्के लक्षणों वाले कोरोना के मरीजों को आइसोलेशन में रखा जाएगा। हालांकि, इसके लिए फिलहाल अभी दिल्ली सरकार से मंजूरी मिलनी बाकि है। मंजूरी के लिए निगम ने दिल्ली सरकार को पत्र लिख दिया है।

महापौर जय प्रकाश ने बताया कि पहले जब कोरोना बढ़ा था तो इस अस्पताल को तैयार किया गया था। हालात सामान्य होने के बाद इसका उपयोग नहीं किया गया था। चूंकि अब दिल्ली की स्थिति खराब होती जा रही है। लोगों को अस्पतालों में बिस्तर न मिलने की जानकारी भी आ रही है। इसको देखते हुए निगम ने अपना 100 बिस्तर वाला अस्पताल तैयार किया है। इसे 200 बिस्तर तक किया जा सकता है। फिलहाल कोशिश की जा रही है कि यहां पर आक्सीजन की व्यवस्था भी हो जाए। ताकि जिन मरीजों को आक्सीजन वाला बिस्तर मिलने में दिक्कत आ रही है उन्हें आक्सीजन मिल जाए। महापौर ने बताया अस्पताल में 100 बिस्तर और सभी बिस्तर के साथ जो सुविधाएं मरीज को रोज के लिए चाहिए उसकी व्यवस्था की गई है। दिल्ली सरकार से अनुमति मिलते ही इसे शुरू कर दिया जाएगा।

200 बिस्तरों की बाड़ा हिंदूराव में व्यवस्था

जय प्रकाश ने बताया कि 200 बिस्तरों की व्यवस्था बाड़ा हिंदूराव में भी कर दी गई है। इसे 400 तक किया जा सकता है। अगर, जरुरत पड़ी तो निगम इसे पूरी तरह कोविड केयर सेंटर के रूप में बदल देगा। महापौर ने बताया कि निगम कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शनिवार रविवार को सैनिटाइजेशन का महाअभियान भी चलाएंगा। ताकि सोमवार को जब लोग सार्वजनिक स्थलों पर निकले तो वह जगह लोगों को संक्रमणरहित मिलें।

chat bot
आपका साथी