Delhi Coronavirus News: तीनों निगम ने दिए आदेश संक्रमित पाए जाने पर इलाके का करें सेनिटाइजेशन

बीते सप्ताह कोरोना के बढ़े मामलों को देखते हुए दिल्ली के तीनों नगर निगम ने एक बार फिर सेनिटाइजेशन अभियान पर जोर दे दिया है। निगमों ने निर्देश दिया है कि कोरोना संक्रमित मरीज सामने आने पर इलाके का पूरी तरह से सेनिटाइजेशन किया जाए।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 12:20 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 12:20 PM (IST)
Delhi Coronavirus News: तीनों निगम ने दिए आदेश संक्रमित पाए जाने पर इलाके का करें सेनिटाइजेशन
बीते सप्ताह से लगातार बढ़ रही हैं कोरोना से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या।

निहाल सिंह, नई दिल्ली। बीते सप्ताह कोरोना के बढ़े मामलों को देखते हुए दिल्ली के तीनों नगर निगम ने एक बार फिर सेनिटाइजेशन अभियान पर जोर दे दिया है। निगमों ने निर्देश दिया है कि कोरोना संक्रमित मरीज सामने आने पर इलाके का पूरी तरह से सेनिटाइजेशन किया जाए। अगर, घर-घर जाकर सर्वे करना हैं तो वह भी जिला प्रशासन की मदद से निगम करने को तैयार है।

फिलहाल निगम ने पार्कों से लेकर रिहायशी क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर सेनिटाइजेशन अभियान पर जोर देने की तैयारी कर ली है। उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने बताया कि कोरोना के मामले बढ़ रहे हैं। इसको लेकर सतर्कता बरतनी जरुरी है। इसको देखते हुए हमने निर्देश दिया है कि सेनिटाइजेशन के अभियान को फिर से तेज किया जाए।

हम जिला प्रशासन से संक्रमित व्यक्ति की सूचना मिलते ही इलाके का सेनिटाइजेशन करेंगे। पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने कहा कि निगम ने जैसे लाकडाउन के दौरान सेनिटाइजेशन का कार्य किया था। हम फिर से मामले बढ़ने के बाद सेनिटाइजेशन के लिए तैयार हैं। अधिकारियों से कहा गया है कि संक्रमित मरीज सामने आने के बाद उसके घर के आस-पास सेनिटाइजेशन करें। साथ ही नागरिक अगर सेनिटाइजेशन का आग्रह करते हैं तो उनको सहयोग करें।

बाजारों और पार्कों भी सैनिटाइजेशन किया जाएगा

निगम के मुताबिक जल्द ही बाजारों और पार्कों में सेनिटाइजेशन को फिर से शुरु किया जाएगा। पार्कों में लगी बेंच और ओपन जिम को दिन में एक बार सेनिटाइजेशन किया जाएगा। दक्षिणी निगम के नेता सदन नरेंद्र चावला ने बताया कि मामले बढ़ना चिंताजनक है।

इसलिए हम लोगों से अपील करते हैं कि वह मास्क पहनकर रखें। साथ ही घर या दफ्तर में हैं हाथों को बार-बार धोएं। उन्होंने कहा कि सभी पार्षदों को कहा गया है कि अपने-अपने क्षेत्र में सेनिटाइजेशन की व्यवस्था रखें। अगर कोई नागरिक अपने क्षेत्र के पार्क या बाजार में सेनिटाइजेशन कराना चाहता है तो उनकी मदद करें।

टीकाकरण के लिए शुरु किया जागरुकता अभियान

कर्मचारियों में कोरोना टीकाकरण को लेकर चिंता पर उत्तरी दिल्ली के महापौर ने टीकाकरण सशक्तिकरण अभियान शुरु किया है। इसके तहत वह विभिन्न क्षेत्रीय कार्यालयों में जाकर लोगों को कोरोना टीका लगवाने के लिए जागरुक करेंगे। टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि 50 वर्ष से ज्यादा वर्ष के लोगों को टीकाकरण का पंजीकरण शुरु हो रहा है इसलिए वह भी इसके लिए पंजीकरण कराएंगे। 

chat bot
आपका साथी