Delhi Coronavirus: कर्फ्यू के दिन सैनिटाइजेशन के लिए उतरे निगमकर्मी, बाजारों और काॅलोनियों में चला अभियान

उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने बताया कि सैनिटाइजेशन का उद्देश्य है कि सोमवार को जब लोग बाजार आए तो उन्हें बाजार व सार्वजनिक स्थल संक्रमणरहित मिले। इससे भी कोरोना संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि निगम ने अपनी पूरी ताकत सैनिटाइजेशन में लगा दी है।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sat, 17 Apr 2021 05:44 PM (IST) Updated:Sat, 17 Apr 2021 07:09 PM (IST)
Delhi Coronavirus: कर्फ्यू के दिन सैनिटाइजेशन के लिए उतरे निगमकर्मी, बाजारों और काॅलोनियों में चला अभियान
रविवार को भी चलेगा सैनिटाइजेशन का अभियान।

नई दिल्ली [निहाल सिंह]। सप्ताहांत में लगाए गए कर्फ्यू को देखते हुए दिल्ली के तीनों नगर निगमों ने सैनिटाइजेशन का महाअभियान चलाया। बाजारों से लेकर ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों व अधिकृत व अनधिकृत कालोनियों में सैनिटाइजेशन किया गया। निगम के डोमेस्टिक ब्रीडिंग चेकर्स (डीबीसी) और सफाई विभाग के कर्मचारियों ने सैनिटाइजेशन किया। पार्षद से लेकर महापौर और निगमायुक्त के साथ अधिकारी विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन अभियान की खुद ही निगरानी कर रहे थे। पटेल नगर में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता भी सैनिटाइजेशन कराते हुए दिखे। राज्य सरकार की सप्ताहांत कर्फ्यू की घोषणा के साथ नगर निगमों ने सैनिटाइजेशन की घोषणा की थी।

उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने सदर बाजार के बारा टोटी चौक से सैनिटाइजेशन अभियान की शुरुआत कराई। इस दौरान उनके साथ निगमायुक्त संजय गोयल भी मौजूद रहे। नागरिकों से घर से बाहर न निकलने की अपील के साथ दुकानों के शटर, पटरी और वाहनों को सैनिटाइज किया गया। उत्तरी दिल्ली में जहां 135 वाहनों की मदद से सैनिटाइजेशन किया गया तो वहीं दक्षिणी 150 और पूर्वी निगम क्षेत्र में 42 वाहनों से सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया।

उत्तरी दिल्ली के महापौर जय प्रकाश ने बताया कि सैनिटाइजेशन का उद्देश्य है कि सोमवार को जब लोग बाजार आए तो उन्हें बाजार व सार्वजनिक स्थल संक्रमणरहित मिले। इससे भी कोरोना संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि निगम ने अपनी पूरी ताकत सैनिटाइजेशन में लगा दी है। शनिवार को जिन-जिन इलाकों में सैनिटाइजेशन नहीं हो पाया रविवार को उन इलाकों में सैनिटाइजेशन किया जाएगा। वहीं, सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहेगी। जिस कालोनी या घर में कोरोना के संक्रमित व्यक्ति की जानकारी मिलेगी वहां पर भी सैनिटाइजेशन किया जाएगा।

उत्तरी निगम के आयुक्त संजय गोयल ने बताया कि इस सप्ताहांत कर्फ्यू में लगभग सभी क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य पूरा किया जाएगा क्योंकि इस कर्फ्यू के दौरान सभी बाजारों में दुकानें बंद हैं। जिसके कारण निगम के वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से हो सकती है।आयुक्त ने बताया कि कंटेनमेंट क्षेत्रों में विभिन्न माध्यमों से डोर-टू-डोर सैनिटाइजेशन का कार्य किया जा रहा है इसके अतिरिक्त महिला हाट व अन्य बाजारों में जहां पर लोगों की आवाजाही ज्यादा है वहां पर शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए चिन्ह बनाए जा रहे हैं।

दक्षिणी निगम के नेता सदन नरेंद्र चावला ने बताया कि 325 पिठ्ठू पंपों के माध्यम से 190 क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया गया। निगम ने न्यू फ्रैड्स कालोनी, फ्रैडेस कालोनी ईस्ट व वेस्ट, गोविंद पुरी, सरिता विहार जैसे आदि क्षेत्रों को सैनिटाइज किया गया। पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने बताया कि निगम ने कर्फ्यू के अवसर के रूप में लिया और लोगों को संक्रमण से बचाने के आनंद विहार बस अड्डे समेत विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का कार्य किया।

chat bot
आपका साथी