Delhi Coronavirus: यमुनापार के कोविड अस्पतालों में आइसीयू बेड फुल, स्थिति चिंताजनक
लोग तेजी से कोरोना संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। यमुनापार में हालात इतने खराब हो गए हैं कि तीन बड़े अस्पतालों में एक भी वेंटिलेटर वाला आइसीयू बेड खाली नहीं है। पिछले 24 घंटे से यही स्थिति बनी हुई है।
जागरण संवाददाता, पूर्वी दिल्ली। लोग तेजी से कोरोना संक्रमण की चपेट में आ रहे हैं। यमुनापार में हालात इतने खराब हो गए हैं कि तीन बड़े अस्पतालों में एक भी वेंटिलेटर वाला आइसीयू बेड खाली नहीं है। पिछले 24 घंटे से यही स्थिति बनी हुई है। कोरोना के नए गंभीर मरीजों को भर्ती करने के बजाए लौटाया जा रहा है। यही स्थिति बरकरार रही तो हालात काफी बिगड़ सकते हैं।
यमुनापार में राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में 450 आइसीयू बेड की व्यवस्था थी। सभी बेड भरे हुए हैं। ऐसा ही हाल जीटीबी अस्पताल में है। वहां पर 400 आइसीयू हैं, सभी भरे हुए हैं। मैक्स पटपड़गंज में भी सभी 72 आइसीयू बेड फुल हैं।
दिल्ली सरकार की कोविड हास्पिटल एप के मुताबिक पिछले 24 घंटे से इन अस्पतालों में आइसीयू बेड की स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया है। जोकि चिंता की बात है। इनके अलावा गोयल यूरोलाजी, मेट्रो अस्पताल और पुष्पांजलि अस्पताल में भी आइसीयू बेड नहीं है।
सामान्य बेड भी कम होने लगे
आइसीयू ही नहीं, कोविड अस्पतालों में सामान्य बेड भी धीरे-धीरे कम हो रहे हैं। मैक्स पटपड़गंज में 250 सामान्य बीएड भर चुके हैं। राजीव गांधी सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल में 650 में से 200 सामान्य बेड बचे हैं। जीटीबी अस्पताल में थोड़ी संतोषजनक स्थिति है। वहां पर 1500 में से 1015 सामान्य बेड खाली हैं।