Delhi Coronavirus: ग्रीन कारीडोर बनाकर ऑक्सीजन टैंकरों को अस्पताल तक पहुंचवा रही दिल्ली पुलिस

Delhi Coronavirus तमाम जिम्मेदारियों के बीच कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए सांस का इंतजाम भी कर रही दिल्ली पुलिस। दिल्ली पुलिस कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीजन का भी इंतजाम कर यह सुनिश्चित कर रही है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को सांस लेने में कोई तकलीफ नहीं हो।

By Vinay Kumar TiwariEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 01:03 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 01:03 PM (IST)
Delhi Coronavirus: ग्रीन कारीडोर बनाकर ऑक्सीजन टैंकरों को अस्पताल तक पहुंचवा रही दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीजन का भी इंतजाम कर रही है।

नई दिल्ली, [गौतम कुमार मिश्रा]। मानवीय सराेकार से जुड़े कार्यों के बीच इन दिनों दिल्ली पुलिस कोरोना संक्रमितों के लिए आक्सीजन का भी इंतजाम कर यह सुनिश्चित कर रही है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को सांस लेने में कोई तकलीफ नहीं हो। निहाल विहार के बाद अब ताजा मामले में बाहरी जिला की पश्चिम विहार थाना पुलिस ने शानदार काम किया है। पुलिस ने दिल्ली उत्तर प्रदेश व दिल्ली हरियाणा के बार्डर पर फंसे वाहन जिस पर आक्सीजन की खेप लदी थी, उन्हें तत्परता दिखाते हुए फौरन अस्पताल पहुंचाने का प्रबंध किया। लोग पुलिस की इस तत्परता की तारीफ कर रहे हैं।

पश्चिम विहार स्थित एक्शन बालाजी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक सुनील सुंबली ने 19 अप्रैल की रात करीब 11. 30 बजे पुलिस को सूचित किया कि अस्पताल में आक्सीजन सीमित मात्रा में ही उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अभी यहां 235 कोरोना संक्रमित मरीज भर्ती हैं जिनके लिए आक्सीजन की आपूर्ति थोड़ी देर बाद कम पड़नी शुरू हो जाएगी। समस्या को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन की ओर से 14 हजार लीटर आक्सीजन की खेप ग्रेटर नोएडा व फरीदाबाद से आनी है। यह खेप टैंकर से लाया जा रहा है।

लेकिन ग्रेटर नोएडा व फरीदाबाद से आने वाली यह खेप दिल्ली के बार्डर पर फंसा है। यदि यह खेप नहीं पहुंची तो दिक्कत होगी। इस सूचना के मिलते ही अधिकारी फौरन सक्रिय हुए। इसके बाद पुलिस की दो टीमें दिल्ली नोएडा व दिल्ली फरीदाबाद बार्डर पर भेजी गई। खेप अस्पताल तक तुरंत पहुंचे इसके लिए यह सुनिश्चित किया गया कि रास्ते में इसे कहीं नहीं रोका जाए। पुलिस ने इसके बाद दोनो मार्गों पर ग्रीन कारीडोर बनाकर टैंकरों को अस्पताल तक पहुचांया।

आक्सीजन की कमी को तत्काल दूर करने के इरादे से बाहरी जिला पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त सुधांशु धामा ने अलग अलग अस्पतालों से संपर्क कर आक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम करना शुरू किया। पुलिस ने अलग अलग अस्पतालों से संपर्क कर 40 आक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम कर अस्पताल पहुंचाया ताकि जरूरत पड़ने पर इनका भी इस्तेमाल किया जा सके।

गौरतलब है कि निहाल विहार थाना क्षेत्र स्थित एक अस्पताल में कुछ दिनों पहले आक्सीजन की कमी की जानकारी मिलने पर पुलिस ने फौरन आक्सीजन सिलेंडर का इंतजाम किया और अस्पताल तक पहुंचाया। इस मामले में भी अतिरिक्त उपायुक्त सुधांशी धामा व निहाल विहार के थाना प्रभारी महावीर सिंह की तत्परता की इंटरनेट मीडिया पर खूब तारीफ हुई।

chat bot
आपका साथी