Delhi Coronavirus: सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में तैयार हुए 500 बिस्तर, मरीजों को होगी सुविधा

दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सेंटर का दौरा किया। उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सोमवार शाम तक यहां 500 बिस्तरों पर इलाज शुरू हो जाएगा।बताया कि इस केयर सेंटर को 5000 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Sun, 18 Apr 2021 07:50 PM (IST) Updated:Mon, 19 Apr 2021 07:07 AM (IST)
Delhi Coronavirus: सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में तैयार हुए 500 बिस्तर, मरीजों को होगी सुविधा
सोमवार से शुरू होगा 500 बिस्तरों पर इलाज, आक्सीजन भी उपलब्ध रहेगा। फोटो -विपिन।

नई दिल्ली [गौरव बाजपेई]। तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए भाटी माइंस स्थित सरदार पटेल कोविड-19 केयर सेंटर को फिर से शुरू किया जा रहा। रविवार को दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने सेंटर का दौरा किया। उप मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सोमवार शाम तक यहां 500 बिस्तरों पर इलाज शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इस केयर सेंटर को 5000 बिस्तरों वाले अस्पताल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां आक्सीजन और आइसोलेशन की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने किया निरीक्षण

मनीष सिसोदिया ने कहा की दिल्ली में लगातार मरीजों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में अस्पतालों में बिस्तरों की संख्या भी घटती जा रही है। कई अस्पतालों में आक्सीजन की सप्लाई भी बेहद कम रह गई है। ऐसे में उन्होंने केंद्र सरकार से मदद के लिए गुहार लगाई है। भाटी माइंस स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास परिसर में पुनः बनाए जा रहे सरदार पटेल कोविड केयर सेंटर में निरीक्षण करने के दौरान उन्होंने कहा 500 बिस्तर तैयार हो चुके हैं। यहां कम आक्सीजन लेवल वाले मरीजों को भर्ती किया जाएगा।

दिल्ली के अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई की हो रही है कमी

सरदार पटेल केयर सेंटर का निरीक्षण करने पहुंचे उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने बताया कि दिल्ली के सरकारी व निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन सप्लाई में बाधा लगातार पहुंच रही है। कई अस्पतालों में 3 घंटे से लेकर के 2 दिन तक का ही ऑक्सीजन सप्लाई बचा हुआ है। उन्होंने बताया की बत्रा अस्पताल में 3 घंटे की ऑक्सीजन सप्लाई बची है जबकि बालाजी अस्पताल में 24 घंटे और वही सर गंगाराम अस्पताल में 32 घंटे की ऑक्सीजन सप्लाई बची है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार सभी अस्पतालों की निगरानी कर रही है। ऑक्सीजन सप्लाई के लिए केंद्र सरकार से भी मदद मांगी गई है।

24 घंटे एंबुलेंस की सुविधा

अस्पताल में 24 घंटे एंबुलेंस की सुविधा रहेगी जिससे केयर सेंटर से संबद्ध अस्पताल में मरीज को जरूरत पड़ने पर शिफ्ट किया जा सके। केयर सेंटर को द्वारका स्थित डीआरडीओ के केयर सेंटर से भी जोड़ा जाएगा। गौरतलब है कि पिछले साल 14 जुलाई को केंद्र सरकार द्वारा सरदार पटेल कोविड-19 केयर सेंटर को 12000 बिस्तरों के साथ शुरू किया गया था। मरीजों की संख्या कम होने के कारण इस साल 22 फरवरी को इसे अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया था। शुरूआत में इस केयर सेंटर का संचालन आइटीबीपी द्वारा किया जा रहा था।

गत्ते के बेड और डिस्पोजबल बिस्तर

यहां के बेड दफ्ती व गत्ते से बने हुए हैं जिन्हें पांच मिनट के अंदर तैयार किया जा सकता है। बिस्तरों पर भी डिस्पोजबल पालीथिन का इस्तेमाल किया गया है जिससे उन्हें संक्रमणरोधी तत्वों से सैनिटाइज किया जा सके। अस्पताल में कम गंभीर मरीजों के लिए इलाज उपलब्ध होगा। कम आक्सीजन लेवल वाले मरीजों के लिए आक्सीजन भी सुविधा उपलब्ध रहेगी। जिलाधिकारी अंकिता चक्रवर्ती ने बताया की उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के दिशा-निर्देश में अस्पताल चालू किया जा रहा है। सोमवार शाम तक केयर सेंटर को 500 बिस्तरों के साथ संचालित करने का प्रयास किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी