Ram Mandir Bhumi Pujan : कांग्रेसियों के दिल में भी जली राम नाम की ज्योत

Ram Mandir Bhumi Pujan कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने भी अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की राह प्रशस्त होने पर अपार हर्ष जताया। उन्होंने भी इस मौके पर दीया जलाया।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 09:12 PM (IST) Updated:Thu, 06 Aug 2020 07:35 AM (IST)
Ram Mandir Bhumi Pujan : कांग्रेसियों के दिल में भी जली राम नाम की ज्योत
Ram Mandir Bhumi Pujan : कांग्रेसियों के दिल में भी जली राम नाम की ज्योत

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। अयोध्या में राम मंदिर के भूमि पूजन से दिल्ली तो राममय हुई ही, कांग्रेसियों के मन में भी राम नाम की ज्योत जल गई। दिल्ली कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने राममंदिर को लेकर खुशी एवं गर्व जताया तो कईयों ने घर पर दीये जलाए और मिठाई बांटकर दीवाली भी मनाई। अधिकांश का कहना था कि भगवान राम हम सभी के हैं और यह मंदिर भी हर देशवासी के मन में गौरव का एहसास कराता है।

जेपी अग्रवाल ने घर पर ही जलाए दीये

पूर्व सांसद जेपी अग्रवाल ने घर पर ही दीये जलाकर राम मंदिर के भूमि पूजन पर हर्ष जताया। उन्होंने कहा कि राम हर हिंदू के दिल में बसते हैं। फिर वह चाहे किसी भी राजनीतिक दल से क्यों न जुड़ा हो। इसलिए अयोध्या में राम मंदिर का बनना खुशी और गौरव दोनों का पर्याय है। वैसे भी इस मंदिर का शिलान्यास तो पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने ही किया था।

महाबल मिश्रा पहुंचे वाल्मीकि मंदिर

कांग्रेस के पूर्व सांसद महाबल मिश्रा ने भी अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण की राह प्रशस्त होने पर अपार हर्ष जताया। दीया जलाने के लिए वह तिहाड़ गांव स्थित वाल्मीकि मंदिर पहुंचे और पुजारी भजन सिंह के पास वहां काफी देर रूके भी। महाबल का कहना है कि वह हर तिमाही अयोध्या जाते रहे हैं। हर साल घर पर राम विवाह का आयोजन भी करते हैं। राजनीतिक राग द्वेष से परे भाजपा की इस मायने में भूमिका भी निस्संदेह सराहनीय रही है।

हारून यूसुफ ने भी दी बधाई

पूर्व मंत्री हारून यूसुफ ने भी अयोध्या में राम मंदिर का भूमि पूजन होने पर खुशी जताई। उन्होंने यह भी कहा कि अब कम से कम राजनीति खत्म हो जाएगी। अयोध्या में स्थायी रूप से भगवान राम का यह मंदिर बनेगा और देश विदेश में सभी जगह रहने वाले भारतीयों को गौरान्वित करेगा। अन्यथा वर्षाें तक तो राम मंदिर और बाबरी मस्जिद का मुददा राजनीति का पर्याय ही बना रहा है।

ओमप्रकाश विधूड़ी ने भी घर में जलाए दीये

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआइसीसी) सदस्य और प्रदेश कांग्रेस के पूर्व महासचिव ओमप्रकाश विधूड़ी ने भी घर पर ही दीये जलाकर राम मंदिर के भूमि पूजन पर हर्ष जताया। उन्होंने कहा कि वाकई ऐसा लग रहा है जैसे भगवान राम अपने घर लौट रहे हों। उन्होंने तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी एक राजनीतिज्ञ से इतर एक करिश्माई व्यक्तित्व का स्वामी भी बताया।

जिलाध्यक्ष ने की राष्ट्रीय एकता की कामना

आदर्श नगर जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरिकिशन जिंदल ने अपने घर और कार्यालय दोनों जगहों पर दीये जलाकर राम मंदिर के भूमि पूजन को लेकर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस मंदिर का शिलान्यास कांग्रेस काल में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने किया था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका भूमि पूजन कर इसके निर्माण कार्य का श्रीगणेश कर दिया। उन्होंने कामना की कि यह मंदिर भविष्य में राष्ट्रीय एकता, विश्व बंधुत्व और सांस्कृतिक समागम का केंद्र बनेगा।

chat bot
आपका साथी