कांग्रेस की भाजपा सांसदों को सलाह, संसद में उठाएं दिल्ली में प्रदूषण की समस्या का मामला

कांग्रेस ने दिल्ली के सांसदों को प्रदूषण की समस्या संसद में उठाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी का कहना है कि सरकार प्रदूषण की समस्या हल करने में नाकाम साबित हुई है। प्रदूषण की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 01 Dec 2021 06:07 AM (IST) Updated:Wed, 01 Dec 2021 07:37 AM (IST)
कांग्रेस की भाजपा सांसदों को सलाह, संसद में उठाएं दिल्ली में प्रदूषण की समस्या का मामला
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी file photo

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। कांग्रेस ने दिल्ली के सांसदों को प्रदूषण की समस्या संसद में उठाने की मांग की है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी का कहना है कि सरकार प्रदूषण की समस्या हल करने में नाकाम साबित हुई है। प्रदूषण की वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। समस्या हल करने के लिए ठोस कदम उठाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भाजपा व आम आदमी पार्टी (आप) के सासंदों को संसद के शीतकालीन सत्र में राजधानी में प्रदूषण की बिगड़ती हालत को देखते हुए तुरंत चर्चा करें। यह जरूरी है क्योंकि विशेषज्ञों का मानना है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर बनी हुई है। आने वाले दिनों में समस्या और बढ़ेगी।

इस स्थिति में सांसदों की नैतिक जिम्मेदारी है कि संसद में मामले को उठाकर इसके समाधान के लिए प्रयास करें। संसद में चर्चा करके प्रदूषण की समस्या हल करने के लिए ठोस नीति बननी चाहिए।

उन्होंने दिल्ली सरकार से सभी निर्माण श्रमिकों को तत्काल पांच-पांच हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि महंगाई बढ़ रही है और प्रदूषण की वजह से निर्माण कार्य बंद हैं। इससे निर्माण कार्यों से जुड़े पंजीकृत और गैर पंजीकृत श्रमिक आर्थिक तंगी से जूझ रहे हैं। दिल्ली सरकार को इन मजदूरों को राहत देने के लिए कोई रास्ता निकालना चाहिए। इन्हें पंजीकृत भी किया जाना चाहिए।

महिला कांग्रेस ने महंगाई को लेकर किया प्रदर्शन

वहीं, महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने संसद के नजदीक महंगाई को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पर महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा से भाग रही है। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेटा डिसूजा और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अमृता धवन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने संसद के नजदीक प्रदर्शन किया। वह रायसीना रोड से नारेबाजी करते हुए संसद की ओर बढ़ रही थीं, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। कई कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर संसद की जाने की कोशिश।

अमृता धवन ने कहा कि बढ़ती महंगाई की वजह से महिलाओं को रसोई गैस सिलेंडर भरवाने में परेशानी हो रही है। पेट्रोल-डीजल के साथ ही सरसों का तेल, टमाटर व अन्य खाद्य पदार्थों के दाम तेजी से बढ़े हैं। इससे आम आदमी आदमी की परेशानी बढ़ गई है।

chat bot
आपका साथी