Delhi Cold: जम्मू कश्मीर के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कांपी दिल्ली, जानिए सोमवार को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। पालम में शाम सात बजे हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। कई जगह तो यह बारिश देर रात तक चलती रही।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 06:15 AM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 07:47 AM (IST)
Delhi Cold: जम्मू कश्मीर के पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से कांपी दिल्ली, जानिए सोमवार को कैसा रहेगा मौसम
तेज हवा के साथ दो घंटे में 27 एमएम बारिश

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। रविवार को दिन भर दिल्ली एनसीआर में मौसम साफ रहा। हल्की धूप भी खिली रही। मौसम विभाग का यलो अलर्ट बेमानी लगने लगा था, लेकिन शाम होते होते बादल छा गए। दिल्ली के कई क्षेत्रों में बादलों की गड़गड़ाहट और बिजली चमकने के साथ शाम करीब साढ़े छह बजे तेज बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते दो घंटे के भीतर दिल्ली में 27 मिमी बारिश हो गई। हालांकि, इससे पहले और बाद में भी कुछ क्षेत्रों में रिमझिम बारिश दर्ज हुई।

30-40 किमी प्रति घंटे की वेग से चली हवा

मौसम विभाग के मुताबिक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की तेज रफ्तार हवा के साथ कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। पालम में शाम सात बजे हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच गई। कई जगह तो यह बारिश देर रात तक चलती रही। इससे ठंड का एहसास भी बढ़ गया।

न्यूनतम तापमान पहुंचा 19 डिग्री

रविवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 31.5 डिग्री सेल्सियस जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 47 से 91 फीसद रहा।

कहीं-कही पड़े ओले

जहां तक बारिश का सवाल है तो रात साढ़े आठ बजे तक सफदरजंग पर 27 मिमी दर्ज की गई। पालम में यह आंकड़ा 4.9 मिमी का रहा। शाम साढ़े पांच बजे तक लोधी रोड पर 0.3 और मयूर विहार में 0.5 मिमी रिकार्ड की गई। उत्तर पश्चिमी दिल्ली में कहीं कहीं ओले पड़ने की चर्चा भी रही।

सोमवार को भी छाए रहेंगे बादल

मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू कश्मीर की तरफ मजबूत पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से बारिश हुई। सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 31 और 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। मंगलवार से रविवार तक आसमान साफ रहेगा।

chat bot
आपका साथी