मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेवा को किया सम्मानित, दिल्ली में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए मांगा प्लान

अर्जुन अवार्डी शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेवा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला विश्व टीम चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर तानिया सचदेवा को बधाई दी। तानिया सचदेवा आप विधायक सोमनाथ भारती के साथ मुख्यंत्री से मुलाकात करने आई थी।

By Pradeep ChauhanEdited By: Publish:Tue, 19 Oct 2021 07:03 PM (IST) Updated:Tue, 19 Oct 2021 07:19 PM (IST)
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेवा को किया सम्मानित, दिल्ली में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए मांगा प्लान
अर्जुन अवार्डी शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेवा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की।

नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। अर्जुन अवार्डी शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेवा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने महिला विश्व टीम चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने पर तानिया सचदेवा को बधाई दी। साथ ही कहा कि दिल्ली में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए हमें मिलकर काम करना होगा। इसके लिए दिल्ली सरकार हर संभव मदद करने के लिए तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने के लिए हमने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोली है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी खोलने का मकसद स्पोर्ट्स में अपना करियर बनाने की इच्छा रखने वाले बच्चों की प्रतिभा को निखारना है। इसके साथ ही उन्हें स्पोर्ट्स में ग्रेजुएशन की डिग्री देना भी है। उम्मीद है कि दिल्ली में स्पोर्ट़स यूनिवर्सिटी बनने से देशभर के खिलाड़ी दिल्ली आकर प्रशिक्षण लेंगे और विश्व स्तर पर देश का नाम रोशन करेंगे।

अर्जुन अवार्ड से सम्मानित तानिया सचदेवा आप विधायक सोमनाथ भारती के साथ मुख्यंत्री से मुलाकात करने आई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि शतरंज को दिल्ली के हर घर तक पहुंचाने के लिए हमें मिलकर काम करना होगा ताकि इसकी लोकप्रियता को वापस लाया जा सके। मुख्यमंत्री ने तानिया सचदेव से दिल्ली में शतरंज को बढ़ावा देने के लिए एक प्लान तैयार करने के लिए कहा। जिसे दिल्ली सरकार लागू करेगी।

खिलाड़ी को सम्मानित करने के लिए खेलमंत्री को किया फोन

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को यह पता चला कि अर्जुन अवार्डी शतरंज खिलाड़ी तानिया सचदेव को उनके प्रदर्शन के लिए दिल्ली में अभी सम्मानित नहीं किया गया है। इस पर मुख्यमंत्री ने फोन कर उपमुख्यमंत्री एवं खेलमंत्री मनीष सिसोदिया से बात की। मुख्यमंत्री ने डिप्टी सीएम को नियमानुसार तानिया सचदेव को सम्मानित करने और हर संभव मदद देने के निर्देश दिए। इस दौरान खेल मंत्री मनीष सिसोदिया ने बहुत जल्द सम्मानित करने का आश्वासन दिया।

28 साल से शतरंज खेल रही है तानिया

तानिया सचदेवा 28 साल से शतरंज खेल रही हैं। अंतर्राष्ट्रीय मास्टर और महिला ग्रैंड मास्टर के तौर पर उन्होंने कई अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। 30 से अधिक पदकों को जीतकर देश का नाम रोशन किया है। वह शतरंज ओलंपियाड, विश्व कप में टीम टूर्नामेंट, राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप, एशियाई चैंपियनशिप में भारत के लिए खेल चुकी हैं। उन्हें 2009 में भारत सरकार की ओर से प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। अभी हाल ही में उन्होंने 2021 में हुए महिला विश्व टीम चैंपियनशिप में रजत पदक और इंस्टानबुल शतरंज ओलंपियाड में कांस्य पदक जीता है।

chat bot
आपका साथी