Delhi Hot Weather: दिल्ली में मंगलवार को गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा और गर्म हवाएं भी चलती रहेंगी। इसके बाद 16 अप्रैल को मौसम के करवट लेने की संभावना है और हल्की बारिश हो सकती है।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Wed, 14 Apr 2021 06:07 AM (IST) Updated:Wed, 14 Apr 2021 08:55 AM (IST)
Delhi Hot Weather: दिल्ली में मंगलवार को गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
अधिकतम तापमान, कई इलाकों में 42 डिग्री तक पहुंचा

नई दिल्ली [संजीव गुप्ता]। दिल्ली की गर्मी ने अपना रंग दिखाना शुरू कर दिया है। लगातार चढ़ते- चढ़ते दिल्ली का अधिकतम तापमान मंगलवार को 40 डिग्री पार कर गया। यह इस सीजन का ही नहीं बल्कि 13 अप्रैल की तारीख का पिछले एक दशक में सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। तापमान अधिक होने और तेज धूप के बीच दिल्ली वासियों को गर्म हवाओं के थपेड़े भी सहने पड़े। कई इलाकों में तो यह 42 डिग्री तक पहुंच गया। अगले दो दिनों में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहेगा और गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। इसके बाद मौसम के करवट लेने से हल्की राहत मिल सकती है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 2011 से लेकर अभी तक 13 अप्रैल को इतना अधिक तापमान कभी दर्ज नहीं हुआ। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 19.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर 20 से 59 फ़ीसद दर्ज किया गया। वहीं, दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो अमूमन सभी केंद्रों पर तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया। इसमें सबसे अधिक तापमान स्पोर्ट्स काम्लेक्स का 42.1 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा मुंगेशपुर में 40.6, फरपुर में 40.2, आया नगर में 40.4 व पालम में 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रादेशिक मौसम विज्ञान केंद्र दिल्ली के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक अगले दो दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहेगा और गर्म हवाएं भी चलती रहेंगी। इसके बाद 16 अप्रैल को मौसम के करवट लेने की संभावना है और हल्की बारिश हो सकती है। इससे अधिकतम तापमान में कमी आएगी और गर्मी से हल्की राहत मिलने की संभावना है।

गौरतलब है कि यह दूसरी बार है जब अधिकतम तापमान ने 40 डिग्री सेल्सियस की छलांग लगाई है। इससे पहले 29 मार्च को होली के अवसर पर तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था। दोपहर में लोगों के पसीने छूट गए थे अब एक बार फिर तापमान चढ़ने के कगार पर है। इससे आने वाले दिनों में मई और जून से पहले ही अधिक गर्मी का एहसास होने लगेगा।

chat bot
आपका साथी