मरीजों की जान बचाने को भाजपा ने शुरू की ऑक्सीजन वैन सेवा, इस नंबर पर फोन कर ले सकते हैं आप भी मदद
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मरीज को ऑक्सीजन मिलने में हो रही देरी को ध्यान में रखकर कदम उठाया गया है। कई बार बिस्तर मिलने के इंतजार में अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे मरीज की तबीयत ज्यादा बिगड़ जाती है।
नई दिल्ली, संतोष कुमार सिंह। ऑक्सीजन के अभाव में दम तोड़ रहे मरीजों को बचाने के लिए भाजपा ने ऑक्सीजन वैन सेवा की शुरुआत की है। ट्रक को ऑक्सीजन वैन में परिवर्तित किया गया है। एक वैन में छह मरीजों का इलाज हो सकेगा। इस तरह के दस वैन की व्यवस्था की जा रही है। फिलहाल दो वैन सेवा के लिए तैयार है।
ऑक्सीजन मिलने में हो रही देरी के कारण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने उठाया कदम
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कहा कि मरीज को ऑक्सीजन मिलने में हो रही देरी को ध्यान में रखकर यह कदम उठाया गया है। कई बार बिस्तर मिलने के इंतजार में अस्पताल के बाहर इंतजार कर रहे मरीज की तबीयत ज्यादा बिगड़ जाती है। अस्पतालों के बाहर वैन लगाए जाएंगे जिससे कि बिस्तर उपलब्ध होने तक मरीज का इसमें इलाज किया जा सके।
छोटे अस्पतालों में ऑक्सीजन की ज्यादा समस्या
आदेश गुप्ता ने कहा कि छोटे अस्पतालों में ऑक्सीजन की ज्यादा समस्या है। इस तरह के अस्पतालों को मदद करने के लिए भाजपा तैयार है। उन्होंने कहा कि यदि संकट की इस घड़ी में किसी को मदद चाहिए तो 9212715550 नंबर पर वाट्सएप या काल करके संपर्क कर सकते हैं। हर संभव मदद की कोशिश की जाएगी।
वितरण की सही व्यवस्था नहीं
विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मांग के अनुरूप ऑक्सीजन सुलभ कराने के बावजूद दिल्ली सरकार ने वितरण की सही व्यवस्था नहीं की है जिससे समस्या बनी हुई है। महामारी के दौर में भी दिल्ली सरकार राजनीतिक लाभ की सोच रखती है। यही कारण है कि आम आदमी पार्टी के विधायकों के माध्यम से ऑक्सीजन सिलेंडर, दवा व अन्य जरूरी चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। मरीज के स्वजन परेशान हो रहे हैं। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष अशोक गोयल देवराहा और राजन तिवारी उपस्थित थे।