दिल्ली भाजपा के इन नेताओं का बढ़ा कद, जेपी नड्डा की राष्ट्रीय टीम में मिला मौका

उम्मीद की जा रही थी कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा और रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता को राष्ट्रीय टीम में जगह मिलेगी लेकिन ऐसा नहीं हुआ।

By Mangal YadavEdited By: Publish:Sun, 27 Sep 2020 02:38 PM (IST) Updated:Sun, 27 Sep 2020 03:26 PM (IST)
दिल्ली भाजपा के इन नेताओं का बढ़ा कद, जेपी नड्डा की राष्ट्रीय टीम में मिला मौका
दिल्ली भाजपा के नेताओं को मिला राष्ट्रीय टीम में मौका

नई दिल्ली [संतोष कुमार सिंह]। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की नई टीम में दिल्ली के नेताओं को भी जगह मिली है। हालांकि, पिछली टीम की तुलना में इस बार यह संख्या कम है। उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा रहे दुष्यंत गौतम को महामंत्री बनाया गया है। नई टीम में यहां के किसी नेता को उपाध्यक्ष या मंत्री का पद नहीं मिला है, जबकी पिछली बार दो मंत्री भी थे। दिल्ली भाजपा के प्रभारी श्याम जाजू की भी उपाध्यक्ष पद से छुट्टी हो गई है, लेकिन सह प्रभारी तरुण चुग का कद जरूर बढ़ गया है। उन्हें मंत्री से आगे बढ़ाकर महामंत्री बना दिया गया है, जबकि प्रदेश प्रवक्ता नुपुर शर्मा अब राष्ट्रीय प्रवक्ता की भूमिका में नजर आएंगी।

दिल्ली के नेताओं को भी भाजपा की नई टीम का बेसब्री से इंतजार था। कहने को तो पांच प्रवक्ता सहित यहां के सात नेताओं को राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। लेकिन, व्यावहारिक तौर पर देखा जाए तो यहां की सियासत से सीधे तौर पर महामंत्री बने राज्यसभा सदस्य दुष्यंत गौतम और प्रवक्ता आरपी सिंह व नुपुर शर्मा ही जुड़े रहे हैं। मंत्री बनाए गए अरविंद मेनन और प्रवक्ता नलिन एस कोहली, गोपाल कृष्ण अग्रवाल व केके शर्मा दिल्ली के बजाय राष्ट्रीय कार्यालय से जुड़े रहे हैं।

गौतम केंद्रीय राजनीति में रहने के बावजूद दिल्ली में सक्रिय रहे हैं। आरपी सिंह पिछली टीम में मंत्री थे, लेकिन इस बार उन्हें प्रवक्ता बनाया गया है। वहीं, दिल्ली से दूसरे मंत्री रहे पूर्व सांसद महेश गिरी को इस बार जगह नहीं मिली। राष्ट्रीय प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभा रहीं नई दिल्ली की सांसद मीनाक्षी लेखी को भी इस बार राष्ट्रीय टीम में जगह नहीं मिली है।

अन्य सांसदों व विधायकों के भी हाथ खाली रहे हैं। उम्मीद की जा रही थी कि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व उत्तर पूर्वी दिल्ली के सांसद मनोज तिवारी, पश्चिमी दिल्ली के सांसद प्रवेश वर्मा और रोहिणी के विधायक विजेंद्र गुप्ता को राष्ट्रीय टीम में जगह मिलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी तरह से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश उपाध्याय व पूर्व महामंत्री आशीष सूद के नाम की भी चर्चा थी, परंतु इन्हें भी निराशा मिली। किसी मोर्चे की कमान भी यहां के नेता को नहीं दी गई है।

Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो

chat bot
आपका साथी