Delhi: दिल्ली में 50 साल से अधिक उम्र 42 लाख मतदाता, निर्वाचन अधिकारी ने जारी की मतदाता सूची
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची की विशेष समीक्षा के बाद शुक्रवार को दिल्ली की नई मतदाता सूची जारी की है। इसमें यह बात सामने आई है कि दिल्ली में 50 साल से अधिक उम्र के 42 लाख 43 हजार 942 मतदाता हैं।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने मतदाता सूची की विशेष समीक्षा के बाद शुक्रवार को दिल्ली की नई मतदाता सूची जारी की है। इसमें यह बात सामने आई है कि दिल्ली में 50 साल से अधिक उम्र के 42 लाख 43 हजार 942 मतदाता हैं। कोरोना के टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों व अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों के बाद 50 साल से अधिक उम्र वाले लोगों को टीका लगना है।
लिहाजा, दिल्ली में 50 साल से अधिक उम्र वाले 42 लाख से अधिक लोग टीकाकरण के हकदार होंगे।टीकाकरण के लिए 50 साल से अधिक उम्र वाले लोगों का पंजीकरण शुरू होने पर मतदाता सूची का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। लिहाजा, ये आंकड़े कोरोना टीकाकरण के पंजीकरण में भी मददगार साबित हो सकते हैं।
15 जनवरी 2021 तक दिल्ली मे कुल एक करोड़ 48 लाख 98 हजार 069 मतदाता हैं, जबकि छह जनवरी 2020 को दिल्ली में एक करोड़ 46 लाख 92 हजार 136 मतदाता थे। इस लिहाज से एक साल में दो लाख पांच हजार 933 मतदाता बढ़े हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा था है कि प्राथमिकता उन लोगों को दी जाएगी, जिन्हें संक्रमण का खतरा ज्यादा है। इन लोगों में हेल्थकेयर फ्रंटलाइन वर्कर्स के अलावा 50 साल से ज्यादा उम्र के लोग और ऐसे लोग शामिल हैं, जिन्हें अन्य बीमारियां हैं। सरकार जुलाई 2021 तक इन सभी का टीकाकरण करना चाहती है।
ये होगा वैक्सीन लगने का क्रम
सबसे पहले हेल्थ वर्कर को कोरोना वैक्सीन दी जाएगी। प्राथमिकता के आधार पर देश के एक करोड़ फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स की लिस्ट बना ली गई है। वैक्सीन उपलब्ध होते ही इनका टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद फ्रंट लाइन वर्कर, पुलिस और पैलामिलिट्री फोर्स को वैक्सीन लगाई जाएगी। इसके बाद 65 साल से ऊपर के उम्र के लोगों को कोरोना वैक्सीन लगेगी। फिर 50 साल से अधिक के उम्र वाले लोगों को और फिर को-मॉर्बिडिटी वाले मरीजों को।
50 साल से अधिक उम्र के मतदाता
उम्र मतदाता
50-59 21,18,605
60-69 12,18,018
70-79 6,72,918
80 से अधिक 2,33,500
कुल-- 42,43,942
Coronavirus: निश्चिंत रहें पूरी तरह सुरक्षित है आपका अखबार, पढ़ें- विशेषज्ञों की राय व देखें- वीडियो