फर्जीवाड़े में हटाए गए कर्मचारियों की पार्षदों ने की पैरवी, चेयरमैन ने दिए वापस काम पर रखने के निर्देश

बैठक में भाजपा कांग्रेस और आप के पार्षदों ने एक सुर में फर्जीवाड़े में हटाए गए 25 अस्थायी सफाई कर्मचारियों का मुद्दा उठा दिया। पार्षदों ने मांग की कि इन सभी को काम पर वापस लिया जाए। ये लोग 15 सालों से कार्यरत थे।

By Prateek KumarEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 08:10 AM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 08:10 AM (IST)
फर्जीवाड़े में हटाए गए कर्मचारियों की पार्षदों ने की पैरवी, चेयरमैन ने दिए वापस काम पर रखने के निर्देश
शाहदरा उत्तरी जोन की बैठक में चेयरमैन ने दिए वापस काम पर रखने के निर्देश

नई दिल्ली [स्वदेश कुमार]। नगर निगम शाहदरा उत्तरी जोन की बैठक त्योहार के मद्देनजर सफाई व्यवस्था को लेकर बुलाई गई थी। लेकिन इस बैठक में भाजपा, कांग्रेस और आप के पार्षदों ने एक सुर में फर्जीवाड़े में हटाए गए 25 अस्थायी सफाई कर्मचारियों का मुद्दा उठा दिया। पार्षदों ने मांग की कि इन सभी को काम पर वापस लिया जाए। ये लोग 15 सालों से कार्यरत थे। कार्रवाई उन अधिकारियों पर होनी चाहिए जिन्होंने इन्हें नौकरी पर रखा था। जोन चेयरमैन प्रवेश शर्मा ने भी इस पर सहमति जताई। उन्होंने बैठक में ही निर्देश दिए कि इन सभी 25 कर्मचारियों को दिवाली से पहले काम पर वापस लिया जाए।

बैठक में मुद्दा उठने पर उपायुक्त संजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि करीब दो साल पहले इनकी तैनाती को लेकर शिकायत आई थी। इसकी विजिलेंस में जांच हुई। विजिलेंस की सिफारिश पर ही इन सभी पर कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त सुनील त्रिपाठी ने बताया कि यूनियन की तरफ से ही शिकायत आई थी।

जांच के बाद इन सभी को अपना पक्ष और दस्तावेज पेश करने का मौका दिया गया था। लेकिन, किसी ने दस्तावेज पेश नहीं किए। कार्रवाई के बाद कुल छह कर्मचारी ऐसे मिले हैं जिन्होंने दस्तावेज दिखाए। इसके बाद इनके मामलों की फिर से जांच शुरू की गई है। इस पर जोन चेयरमैन प्रवेश शर्मा ने कहा कि अस्थायी तौर पर निगम से जुड़े ये कर्मचारी इतने पढ़े-लिखे नहीं होते हैं।

इतने सालों से इसकी नौकरी की बदाैलत ये अपना और अपने परिवार का पेट पाल रहे थे। अब इन्हें किसी दूसरी जगह काम नहीं मिलेगा। त्योहार का समय है। उन्होंने कहा कि ये निर्देश है और साथ ही अनुरोध भी कि इन सभी कर्मचारियों को तुरंत काम पर वापस लिया जाए।

भाजपा पार्षद कुसुम तोमर, पुनीत शर्मा, कांग्रेस पार्षद कुमारी रिंकू, आप पार्षद मोहिनी जीनवाल, विमलेश कोली आदि ने यह मुद्दा उठाया था। बैठक में पार्षदों ने सफाई व्यवस्था और एलईडी लाइटों का भी मुद्दा उठाया। कुछ पार्षदों ने कहा कि मेट्रो वेस्ट कंपनी का काम ठीक नहीं है। गौतमपुरी के पार्षद केके अग्रवाल ने काह कि कंपनी के कामकाज में सुधार तो हुआ है लेकिन अभी और काम होने हैं। डस्टबिन के आसपास गंदगी रहती है। नेता विपक्ष मनोज त्यागी ने फैक्ट्रियों की सीलिंग रोकने की मांग की। इस पर जोन चेयरमैन ने कहा कि त्योहार के समय में सीलिंग बंद कर दी गई है।

chat bot
आपका साथी